Jharkhand: रांची में छात्रों की सरकार से बातचीत रही बेनतीजा, धरना-प्रदर्शन जारी

 Jharkhand:  झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों का आंदोलन जारी है। सरकार के साथ बातचीत में कोई हल नहीं निकलने के कारण छात्र नेताओं और प्रदर्शनकारियों ने अपनी भूख हड़ताल और विरोध प्रदर्शन को जारी रखने का फैसला किया है।

छात्रों ने यह चेतावनी भी दी कि यदि सरकार रविवार तक उनकी मांगों को पूरा करने में विफल रहती है, तो वे 10 अगस्त को अपनी नियोजित विधानसभा मार्च को आगे बढ़ाएंगे। जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच’ के 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल और झारखंड सरकार के बीच शुक्रवार शाम बैठक हुई।

बैठक के बाद ‘जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच’ के एक नेता ने पत्रकारों से कहा, ‘‘झारखंड सरकार के साथ बैठक सकारात्मक माहौल में हुई। सरकार ने हमें भरोसा दिलाया कि हमारी मांगों पर विचार किया जाएगा। हालांकि, हमने तब तक अपना विरोध जारी रखने का फैसला किया है, जब तक कि हमारी सभी मांगें पूरी नहीं हो जातीं।’’

राज्य के उच्च और तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि सरकार छात्रों की चिंताओं को लेकर संवेदनशील है। कुमार ने कहा, ‘‘हमने प्रदर्शनकारी छात्रों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। सरकार उनकी मांगों के प्रति संवेदनशील है और उन पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने को तैयार है। इसका नतीजा जल्द ही सामने आएगा।’’

इस बीच, देवेंद्र महतो के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों के एक और गुट ने दावा किया कि उन्हें सरकार से बातचीत का न्योता मिला है। महतो के नेतृत्व वाले इस गुट ने कहा कि उन्होंने बातचीत के लिए सरकार को आठ सदस्यों वाले प्रतिनिधिमंडल के नाम सौंप दिए हैं। प्रदर्शनकारी 14वीं जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा को रद्द करने और कथित अनियमितताओं की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) या राज्य के बाहर के उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की समिति से स्वतंत्र जांच कराने की मांग कर रहे हैं।

झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी विरोध प्रदर्शन शनिवार को 15वें दिन में प्रवेश कर गया, जिसमें छह प्रदर्शनकारी अपनी भूख हड़ताल जारी रखे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *