Uttarakhand: दिव्य-भव्य महाकुंभ की तैयारियां, आधुनिक सुविधाएं होंगी उपलब्ध

Uttarakhand:  उत्तराखंड के शहरी विकास मंत्री राम सिंह केड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार महाकुंभ-2027 की तैयारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के लिए तेजी से कार्य कर रही है। हाल ही में हरिद्वार में लगभग 235 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और भूमि पूजन इसी संकल्प का प्रमाण है। अब इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन को गति देने के लिए विभागीय स्तर पर लगातार समीक्षा की जा रही है। शहरी विकास मंत्री ने कहा कि हरिद्वार केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि देश और दुनिया की आस्था का प्रमुख केंद्र है।

महाकुंभ-2027 को ध्यान में रखते हुए हर की पैड़ी, सुभाष घाट, रोड़ी बेलवाला तथा अन्य प्रमुख क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इन कार्यों से श्रद्धालुओं, कांवड़ यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित, सुगम और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

राम सिंह केड़ा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि हरिद्वार को एक स्वच्छ, सुव्यवस्थित, आधुनिक और विश्वस्तरीय धार्मिक नगरी के रूप में विकसित करना है। सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में गंगा कॉरिडोर, घाटों के पुनर्विकास, सड़क एवं यातायात व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण सहित अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। इन विकास कार्यों से महाकुंभ-2027 के दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्थाएं मिलेंगी और हरिद्वार की वैश्विक पहचान और अधिक मजबूत होगी।

शहरी विकास मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से महाकुंभ-2027 अब तक का सबसे दिव्य, भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन बनेगा तथा उत्तराखंड धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *