Parliament: संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही दोबारा शुरू हो गई है। हालांकि, कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष का हंगामा जारी रहा। राज्यसभा में हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। वहीं, लोकसभा की कार्यवाही जारी, जहां केंद्रीय राज्य मंत्री (कार्मिक) डॉ. जितेंद्र सिंह ने लोक परीक्षाएं (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 सदन में पेश किया.
विपक्ष से चर्चा की अपील-
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने लोक परीक्षाएं (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 को लेकर विपक्ष से सदन में चर्चा की अपील की। उन्होंने कहा कि देशभर के छात्रों की चिंताओं को देखते हुए यह महत्वपूर्ण विधेयक लोकसभा में पेश किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस और कुछ विपक्षी सदस्य इस पर चर्चा करने के बजाय हंगामा कर रहे हैं।
किरेन रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए अहम फैसले लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा सुधारों को लेकर टास्क फोर्स का गठन किया गया है और ऐसी व्यवस्था बनाने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि इस विधेयक में पेपर लीक में शामिल पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी और समयबद्ध सजा का प्रावधान किया गया है।
संसदीय कार्य मंत्री ने कांग्रेस और विपक्षी दलों से अपील करते हुए कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े इस महत्वपूर्ण विधेयक पर सदन में खुली और विस्तृत चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर इतने बड़े सुधारों के बाद भी चर्चा नहीं होने दी जाती है, तो इससे गलत संदेश जाएगा। रिजिजू ने कहा कि ऐसे मुद्दों पर चर्चा और बहस के लिए संसद से बेहतर जगह कोई नहीं हो सकती। उन्होंने विपक्ष से आग्रह किया कि हंगामा करने के बजाय छात्रों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए परीक्षा सुधार विधेयक पर गंभीर चर्चा की जाए।