Kanwar Yatra 2026: हरिद्वार में आगामी कांवड़ मेला-2026 को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। 30 जुलाई शुरू होने वाले कांवड़ मेले के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। करोड़ों शिवभक्तों की सुरक्षित और सुचारु यात्रा सुनिश्चित करने के लिए हरिद्वार पुलिस ने हाईटेक निगरानी, अतिरिक्त पुलिस बल और विशेष सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती के साथ विस्तृत सुरक्षा योजना तैयार की है। वहीं सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि कांवड़ मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल, पीएसी, अर्धसैनिक बल, एटीएस, बम निरोधक दस्ता और अन्य विशेष इकाइयों की तैनाती की जाएगी। पूरे मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाएगी ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मेले की निगरानी के लिए पहले से लगे 301 सीसीटीवी कैमरों के साथ 100 अतिरिक्त कैमरे लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा ड्रोन के माध्यम से भी 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी। सोशल मीडिया पर अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर नजर रखने के लिए 12 साइबर कमांडो टीमों को तैनात किया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए चिन्हित 25 डीजे संचालकों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। पुलिस ने कांवड़ यात्रा के लिए भी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पैदल कांवड़ की अधिकतम ऊंचाई 6 फीट और झांकी की अधिकतम ऊंचाई 10 फीट निर्धारित की गई है।
वहीं डीजे और लाउडस्पीकर की ध्वनि 75 डेसीबल से अधिक नहीं होगी।एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने सभी शिवभक्तों से अपील की है कि वे धार्मिक मर्यादा बनाए रखें, पुलिस के दिशा-निर्देशों और यातायात नियमों का पालन करें तथा शांतिपूर्ण और सुरक्षित कांवड़ यात्रा में सहयोग करें।