Annu Kapoor: 44 साल के करियर पर छलका अनु कपूर का दर्द और आभार, बोले- “मैं उन्हें अम्मी कहकर बुलाता था”

Annu Kapoor: दिग्गज अभिनेता अनु कपूर ने मनोरंजन जगत में अपने 44 वर्षों के शानदार सफर को याद करते हुए उन लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया, जिन्होंने उनके करियर के शुरुआती दौर में उनका साथ दिया और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया।

अनु कपूर ने कहा कि उनके बड़े भाई रंजीत कपूर, फिल्मकार प्रकाश झा और आज़मी परिवार का उनके जीवन और करियर को दिशा देने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने बताया, “सबसे पहले मैं अपने बड़े भाई रंजीत कपूर का नाम लेना चाहूंगा। दिल्ली से उनका संदेश मुझे प्रकाश झा के माध्यम से मिला था। जब मैंने प्रकाश जी को फोन किया तो उन्होंने कहा कि रंजीत ने बुलाया है, तुम्हें जाना चाहिए।”

अनु कपूर ने कहा कि उनके बड़े भाई ही उनके लिए रंगमंच और अभिनय की दुनिया में प्रवेश का पुल बने। उन्होंने कहा, “मैं यहां अपने बड़े भाई की वजह से आया। उन्होंने एक नाटक किया था, जिसमें मैं और दिवंगत अभिनेता ओम पुरी साथ काम कर रहे थे। यह हेनरिक इब्सन द्वारा लिखित प्रसिद्ध नाटक ‘एन एनिमी ऑफ द पीपल’ था। रंजीत कपूर की वजह से मुझे थिएटर की दुनिया को समझने और उससे जुड़ने का अवसर मिला। इसके लिए मैं हमेशा उनका ऋणी रहूंगा।”

अभिनेता ने दिवंगत रंगकर्मी शौकत कैफी को भी भावुक श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि शौकत कैफी ने उन्हें हमेशा मां जैसा स्नेह, आशीर्वाद और सहयोग दिया।

अनु कपूर ने कहा, “सबसे पहले मैं स्वर्गीय शौकत कैफी का नाम लेना चाहूंगा। उन्होंने मुझे बहुत प्यार और आशीर्वाद दिया। संघर्ष के दिनों में भी उन्होंने मेरा पूरा साथ दिया। मैं उन्हें ‘अम्मी’ कहकर बुलाता था। वह शबाना आज़मी की मां थीं। आज वह हमारे बीच नहीं हैं। मैं ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं। मैं शबाना आज़मी, उनके पिता और पूरे आज़मी परिवार का भी दिल से आभारी हूं।”

‘उत्तर दा पुत्तर’ में नजर आएंगे अनु कपूर

वर्क फ्रंट की बात करें तो अनु कपूर जल्द ही कॉमेडी फिल्म ‘उत्तर दा पुत्तर’ में दिखाई देंगे। हाल ही में फिल्म का पोस्टर जारी किया गया है, जिसमें अनु कपूर एक विशाल वास्तु-चक्र के ऊपर बने शौचालय पर बैठे नजर आ रहे हैं। पोस्टर से ही फिल्म की अनोखी और हास्यपूर्ण कहानी की झलक मिलती है।निर्देशक रविंदर सिवाच के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी निर्माता संदीप कपूर ने लिखी है। फिल्म का कथानक इस विचार पर आधारित है कि जीवन में सही दिशा और वास्तु के जरिए व्यक्ति अपनी किस्मत बदल सकता है।

फिल्म में अनु कपूर के साथ रुखसार रहमान, बृजेंद्र काला, पवन मल्होत्रा, इश्तियाक खान, जीवेशु अहलूवालिया, राजेंद्र सेठी, सुमित गुलाटी और नितिन अरोड़ा भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

‘उत्तर दा पुत्तर’ 24 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *