Maharashtra TET 2026 : महाराष्ट्र में 28 जून को आयोजित होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 को कथित पेपर लीक के मामले के बाद रद्द कर दिया गया है। भिवंडी पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में कुछ लोगों के पास से संदिग्ध सामग्री बरामद हुई, जिसके बाद परीक्षा को तत्काल प्रभाव से स्थगित करने का फैसला लिया गया।
जानकारी के अनुसार, 27 जून 2026 की सुबह भिवंडी में कुछ व्यक्तियों के पास टीईटी परीक्षा से जुड़ी गोपनीय जानकारी होने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद पुलिस ने संबंधित स्थान पर छापा मारा और बरामद सामग्री की जांच के लिए महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद के अधिकारियों को बुलाया गया।
प्रारंभिक जांच में पाया गया कि संदिग्धों के पास मौजूद कुछ प्रश्न टीईटी जून 2026 के मूल प्रश्नपत्र के सवालों से मेल खाते हैं। इसके बाद भिवंडी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया और जांच शुरू कर दी गई है।
विपक्ष ने सरकार पर साधा निशाना
मामला सामने आने के बाद विपक्षी दलों ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव और एनएसयूआई के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “NEET पेपर लीक के बाद अब शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) का पेपर भी लीक हो गया। भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। कम से कम छात्रों के भविष्य से तो खिलवाड़ मत कीजिए।”
वहीं, भिवंडी के विधायक रईस शेख ने भी सरकार की आलोचना करते हुए कहा, “कल NEET, आज TET… अब अगला कौन सा एग्जाम है? पेपर लीक अब महज संयोग नहीं, बल्कि प्रशासनिक नाकामी का प्रमाण बन चुका है। लाखों छात्रों का भविष्य दांव पर लगा है। शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।”
नई तारीख जल्द होगी घोषित
मामले की जांच के सिलसिले में कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। महाराष्ट्र शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि 28 जून को होने वाली टीईटी परीक्षा फिलहाल स्थगित कर दी गई है। जांच और आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद परीक्षा की नई तारीख घोषित की जाएगी।
इस घटनाक्रम से राज्य के लाखों अभ्यर्थियों में निराशा है, जबकि पेपर लीक की बढ़ती घटनाओं ने परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।