Ministry of Health : स्वास्थ्य क्षेत्र के अहम मुद्दों पर मंथन, 29 जून को होगा केंद्रीय स्वास्थ्य परिषद का 16वां सम्मेलन

Ministry of Health : केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय 29 जून को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण परिषद (CCHFW) के 16वें सम्मेलन का आयोजन करेगा। सम्मेलन की अध्यक्षता केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा करेंगे। मंत्रालय द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल और प्रतापराव जाधव भी शामिल होंगे।

सम्मेलन में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री, सांसद, केंद्र और राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी, गैर-सरकारी सदस्य तथा स्वास्थ्य क्षेत्र के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ भाग लेंगे। इस दौरान स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी प्रमुख नीतिगत प्राथमिकताओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा तथा केंद्र और राज्यों के बीच सहयोग को और मजबूत बनाने पर जोर दिया जाएगा।

इस वर्ष सम्मेलन के प्रमुख विषयों में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) – सतत विकास लक्ष्य SDG एवं प्राथमिकताएं, खाद्य एवं औषधि सुधार, तथा संबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं (एलाइड हेल्थ सर्विसेज) शामिल हैं। इन विषयों पर चर्चा के दौरान चल रही योजनाओं की समीक्षा, श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान, उभरती चुनौतियों की पहचान तथा देशभर में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए समन्वित रणनीति तैयार की जाएगी।

भारतीय संविधान के अनुच्छेद 263 के तहत गठित केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण परिषद, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की सर्वोच्च सलाहकार संस्था है। यह परिषद चिकित्सा एवं जनस्वास्थ्य क्षेत्र से संबंधित नीतियों और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की समीक्षा करती है तथा राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के सहयोग से इनके प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक सुझाव देती है।

यह सम्मेलन स्वास्थ्य क्षेत्र में सहकारी संघवाद को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। इसके माध्यम से केंद्र और राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के बीच राष्ट्रीय महत्व के स्वास्थ्य विषयों पर संवाद, परामर्श और नीति-निर्माण को बढ़ावा मिलता है, जिससे जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों की बेहतर योजना और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।

इसी अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा विज्ञान भवन में स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण डिजिटल पहलों का भी शुभारंभ करेंगे।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (एनएचए) और इलेक्ट्रॉनिक स्वास्थ्य अभिलेख मानक हेतु राष्ट्रीय संसाधन केंद्र (एनआरसीईएस) के मार्गदर्शन में विकसित ये डिजिटल पहलें स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच बढ़ाने, विभिन्न स्वास्थ्य प्रणालियों के बीच बेहतर इंटरऑपरेबिलिटी सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य क्षेत्र में डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर को तेजी से अपनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगी।

इस लॉन्च कार्यक्रम में राज्यों के प्रतिनिधि, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, स्वास्थ्य क्षेत्र के विशेषज्ञ, प्रौद्योगिकी साझेदार, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और स्वास्थ्य पारिस्थितिकी तंत्र से जुड़े प्रमुख हितधारक शामिल होंगे। यह आयोजन भारत की एकीकृत, डिजिटल और परस्पर जुड़ी स्वास्थ्य व्यवस्था के निर्माण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *