Weather Update:दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ले ली और लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिल गई। सुबह से दोपहर तक राजधानी में तेज धूप और उमस भरी गर्मी का असर रहा, लेकिन करीब तीन बजे के बाद मौसम तेजी से बदल गया। तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी उठी और उसके बाद कई इलाकों में झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया।
दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद के कई हिस्सों में धूल भरी आंधी के कारण दृश्यता प्रभावित हुई, जिससे लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। हालांकि बारिश के बाद मौसम में ठंडक महसूस की गई और उमस से राहत मिली। गुरुग्राम और नोएडा में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं, जिससे कई जगहों पर अंधड़ जैसे हालात बन गए। वहीं फरीदाबाद में दोपहर बाद बादलों की घनी परत और तेज हवाओं ने मौसम को बदल दिया और गर्मी से राहत दिलाई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग IMD के अनुसार, दिल्ली के कई हिस्सों में धूल भरी आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है। विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि कुछ इलाकों में तेज गरज-चमक, बिजली गिरने और 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।
IMD ने अपने ‘नाउकास्ट’ अलर्ट में दिल्ली के अधिकांश क्षेत्रों को रेड अलर्ट के दायरे में रखा है। इसका मतलब है कि मौसम की स्थिति गंभीर हो सकती है और लोगों को अत्यधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है।
मौसम विभाग ने यह चेतावनी जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन एजेंसियों को भी भेजी है और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान लगभग 40 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।