George Kurian: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरिष्ठ नेता जॉर्ज कुरियन ने केंद्रीय राज्य मंत्री पद से अपना इस्तीफा स्वीकार किए जाने के बाद कहा कि वे केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वजह से ही केंद्र सरकार के मंत्रिपरिषद में जगह पा सके।
कुरियन ने फेसबुक पर साझा किए गए एक भावुक संदेश में कहा कि केंद्रीय मंत्री बनना उनके लिए ऐसा मौका था, जिसकी उन्होंने ‘‘सपने में भी कल्पना नहीं की थी।’’ अपने विदाई संदेश में उन्होंने मंत्री पद तक पहुंचने में प्रधानमंत्री मोदी की भूमिका को प्रमुखता से रेखांकित करते हुए कहा कि उन्हें सूचित किया गया है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।
कुरियन ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ एक अनौपचारिक पल की अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए बताया कि उन्होंने 22 जून को मुलाकात के दौरान ये मौका देने के लिए प्रधानमंत्री का व्यक्तिगत रूप से आभार व्यक्त किया और अपना इस्तीफा सौंप दिया। केंद्र सरकार में शायद एकमात्र ईसाई मंत्री रहे कुरियन ने कहा कि उनका राज्यसभा का कार्यकाल 21 जून को खत्म हो गया था, लेकिन वे अगले दिन ही प्रधानमंत्री से मिल सके।
उन्होंने लिखा, ‘‘मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि मैं केंद्रीय मंत्री बनूंगा। ये केवल इसलिए संभव हुआ क्योंकि नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने और मुझे केंद्रीय मंत्री के रूप में सेवा करने का मौका मिला।’’ कुरियन अल्पसंख्यक कार्य राज्य मंत्री के रूप में कार्यरत थे। इसके अलावा उनके पास मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी राज्य मंत्री का अतिरिक्त प्रभार भी था।
हाल में हुए राज्यसभा चुनाव में बीजेपी ने उन्हें दोबारा उच्च सदन में भेजने का फैसला नहीं लिया, जिसके साथ ही उनका संसदीय कार्यकाल खत्म हो गया।