Mumbai: मुंबई में लगातार तीसरे दिन बारिश का सिलसिला जारी

Mumbai: मुंबई में लगातार तीसरे दिन भी बारिश का सिलसिला जारी रहा, जिससे सुबह के समय शहर के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हुई, जबकि उपनगरों में हल्की बारिश दर्ज की गई।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अधिकारियों ने ये जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि तड़के से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और सुबह सात बजे के बाद धीरे-धीरे बारिश शुरू हो गई। उन्होंने बताया कि सुबह सात से आठ बजे के बीच दक्षिण मुंबई के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई, जबकि इसी दौरान पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में हल्की बारिश दर्ज की गई।

बीएमसी के आंकड़ों के मुताबिक, इसके मुख्यालय में 45 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद कोलाबा पंपिंग स्टेशन और मांडवी दमकल केंद्र में 29-29 मिलीमीटर, फ्रॉसबरी जलाशय में 28 मिलीमीटर, सी वार्ड कार्यालय (गिरगांव) में 24 मिलीमीटर और बीएमसी संचालित एन. एम. जोशी मार्ग स्कूल और डी वार्ड कार्यालय (ग्रांट रोड) में 20-20 मिलीमीटर बारिश हुई।

आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में शहर में औसतन 13.30 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि इसी अवधि में पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में क्रमशः 0.38 मिलीमीटर और 0.62 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान शहर के सभी प्रमुख भूमिगत मार्ग खुले रहे और यातायात सामान्य रहा।

उपनगरीय रेल सेवाएं भी सामान्य रूप से संचालित हुईं, जबकि बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) बस सेवाएं बिना किसी रुकावट के चलती रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *