Lucknow Fire: लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र के पुरनिया में एक कोचिंग सेंटर में भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद बिल्डिंग में धुआं भर गया। इससे अंदर मौजूद छात्रों में भगदड़ मच गई, कई छात्रों ने जान बचाने के लिए ऊंचाई से छलांग लगा दी। इससे वह घायल हो गए।
मुख्यमंत्री योगी ने किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अलीगढ़ का दौरा रद्द कर लखनऊ लौटे और घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पूरे मामले की जानकारी अफसरों से ली।
पीएम मोदी ने मुआवजे की घोषणा की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अग्निकांड में मृतकों व घायलों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये व घायलों को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की है। उन्होंने एक्स पर बयान जारी कर कहा कि उत्तर प्रदेश के लखनऊ में आग लगने की घटना में हुई मौतों से बहुत दुख हुआ है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हों। बचाव कार्य चल रहा है और अधिकारी हर संभव मदद पहुंचा रहे हैं। प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।