Lucknow: लखनऊ अग्निकांड में 14 छात्रों की हुई दर्दनाक मौत, केंद्र से मुआवजे का एलान

Lucknow: राजधानी लखनऊ में अलीगंज क्षेत्र के पुरनिया में एक कोचिंग सेंटर में भीषण आग लग गई, आग लगने के बाद बिल्डिंग में धुआं भर गया। इससे अंदर मौजूद छात्रों में भगदड़ मच गई। कई छात्रों ने जान बचाने के लिए ऊंचाई से छलांग लगा दी। इससे वह घायल हो गए।

इस हादसे में 14 छात्रों की मौत की सूचना है। मौके पर डीजीपी राजीव कृष्ण और प्रमुख सचिव संजय प्रसाद भी पहुंच गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताया है। सीएम ने कहा कि जिन परिवारों ने अपने नौजवानों को खोया है, उनके प्रति गहन संवेदना व्यक्त करता हूं। पुलिस महानिदेशक व अपर मुख्य सचिव (गृह) को निर्देश दिया है कि मौके पर जाकर इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें। मैं स्वयं भी वहां के लिए प्रस्थान कर रहा हूं। इस मामले की तह में जाकर दोषियों को सजा दिलाई जाएगी।

स्थानीय लोगों ने बताया कि भवन से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। इसके बाद आसपास के लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। पूरा परिसर धू-धूकर जलने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के बाद क्षेत्र में चीख-पुकार मच गई। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आग में फंसे लोगों की संख्या और घायलों के संबंध में आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं।

घटना उस समय हुई जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अलीगढ़ में विभिन्न योजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मामले की सूचना मिलते ही कार्यक्रम के दौरान ही उन्होंने हादसे पर दुख जताया। साथ ही आगामी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया और लखनऊ के लिए लौट गए। सीएम योगी ने कहा, लखनऊ में अग्नि दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *