Asian Games: ‘अपने खेल पर भरोसा रखें’, एशियाड से पहले भारतीय गोल्फरों को जीव मिल्खा सिंह ने दी सलाह

Asian Games: दिग्गज गोल्फर जीव मिल्खा सिंह को भरोसा है कि भारत एशियाई खेलों से कई पदक जीत सकता है जिसमें उन्हें महिला टीम से स्वर्ण पदक की उम्मीद है। उन्होंने देश के गोल्फरों से फोकस बनाए रखने और अपने खेल पर भरोसा करने की बात कही। जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक होने वाले एशियाई खेलों में छह सदस्यों वाली भारतीय टीम हिस्सा लेगी। गोल्फ स्पर्धाएं 30 सितंबर से तीन अक्टूबर तक चलेंगी।

जीव (54 वर्ष) ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि भारतीय दल के पास पदक जीतने का बहुत अच्छा मौका है। लड़कियों की टीम बहुत मजबूत है। मुझे उम्मीद है कि वे स्वर्ण पदक जीतेंगी। लड़कों की टीम भी बहुत मजबूत है। उन्हें पदक जीतना चाहिए। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘अगर आप मुझसे लड़कों और लड़कियों की टीम के बारे में पूछें, तो मुझे लगता है कि लड़कियों की टीम ज्यादा मजबूत है।’’ पुरुष टीम में युवराज संधू, वीर अहलावत और सप्तक तलवार शामिल हैं, जबकि महिला टीम में अदिति अशोक, दीक्षा डागर और प्रणवी उर्स हैं।अपने शानदार करियर में 20 से ज्यादा खिताब जीतने वाले जीव ने कहा कि पुरुष टीम ने घरेलू सर्किट और चैलेंज टूर पर शानदार प्रदर्शन करके अपनी जगह बनाई है जबकि महिला टीम को यूरोपीय सर्किट पर लगातार खेलने से आत्मविश्वास मिलेगा।

जीव के अनुसार भारत को अदिति अशोक से पदक जीतने की सबसे ज्यादा उम्मीद है जिन्होंने हांग्झोउ एशियाई खेलों में रजत पदक जीता था और तोक्यो खेलों में ओलंपिक पदक जीतने से बहुत कम अंतर से चूक गई थीं। उन्होंने कहा, ‘‘अदिति अशोक अब सबसे बेहतरीन खिलाड़ी हैं और एशियाई खेलों में उनके पदक जीतने का बहुत अच्छा मौका है। अगर आप मुझसे पूछें कि भारत की सबसे बड़ी दावेदार कौन है, तो वह अदिति ही हैं।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *