Fit India : मुंबई के प्रतिष्ठित वर्ली कोस्टल साइकिल ट्रैक पर आयोजित फिट इंडिया साइक्लोथॉन के विशेष संस्करण में अभिनेता जैकी श्रॉफ ने हिस्सा लिया, यह आयोजन 21 जून को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में देशभर में चल रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जैकी श्रॉफ ने कहा कि हर व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने इस पहल में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी पर खुशी जताते हुए कहा, “स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है, बड़ी संख्या में लोगों को इस अभियान से जुड़ते देखकर खुशी हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी लोगों को स्वस्थ रहने का संदेश दे रहे हैं और हम सभी मिलकर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का उत्सव मनाएंगे।”
जैकी श्रॉफ ने वर्ली कोस्टल साइकिल ट्रैक की सराहना करते हुए कहा कि यह मुंबईवासियों के लिए फिटनेस को बढ़ावा देने वाला बेहतरीन प्रयास है। उन्होंने कहा, “केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया भी साइकिल चलाकर यहां पहुंचे हैं, फिटनेस ही सब कुछ है और मुंबई का यह साइकिल ट्रैक बेहद खूबसूरत है।”
इस अवसर पर केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भी साइक्लोथॉन में भाग लिया और स्वस्थ समाज को विकसित भारत की नींव बताया। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत का संकल्प दिया है, इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए नागरिकों का स्वस्थ होना बेहद आवश्यक है। पिछले दो वर्षों से ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान के माध्यम से देशभर में फिटनेस को जनआंदोलन बनाने का प्रयास किया जा रहा है।”
मांडविया ने साइकिलिंग के पर्यावरणीय और स्वास्थ्य संबंधी लाभों पर भी जोर देते हुए कहा, “साइकिलिंग फिटनेस का मंत्र है और प्रदूषण की समस्या का भी समाधान है। यह न केवल स्वास्थ्य को बेहतर बनाती है, बल्कि स्वच्छ और स्वस्थ भारत के निर्माण में भी योगदान देती है।”
अभिनेता ताहा शाह बदूशा ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया और लोगों से फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “मैं पहली बार इस ट्रैक पर आया हूं। हमें यहां आकर एक-दूसरे का उत्साह बढ़ाना चाहिए और अपने स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की दिशा में कदम उठाने चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि ‘फिट इंडिया, हिट इंडिया’.”
वर्ली कोस्टल साइकिल ट्रैक पर आयोजित इस विशेष फिट इंडिया साइक्लोथॉन में बड़ी संख्या में फिटनेस प्रेमियों, खिलाड़ियों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। यह आयोजन 21 जून को होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।