RBI Recruitment: युवाओं को मिलेगा 1.5 लाख रुपये महीना कमाने का मौका, आवेदन प्रक्रिया शुरू

RBI Recruitment: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने देश के प्रतिभाशाली युवाओं के लिए शानदार अवसर प्रदान किया है। केंद्रीय बैंक ने विभिन्न विशेषज्ञ क्षेत्रों में यंग प्रोफेशनल YP पदों पर नियुक्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। चयनित उम्मीदवारों को 1.50 लाख रुपये प्रतिमाह का निश्चित स्टाइपेंड दिया जाएगा। RBI द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, मुंबई स्थित केंद्रीय कार्यालय के विभिन्न विभागों में कुल 12 पदों पर भर्ती की जाएगी। ये पद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), क्वांटम टेक्नोलॉजी, साइबर सिक्योरिटी, क्लाइमेट चेंज रिस्क मैनेजमेंट समेत कई उभरते और विशेषज्ञ क्षेत्रों से जुड़े हैं।

3 साल का अनुबंध, 5 साल तक बढ़ सकती है अवधि चयनित उम्मीदवारों को शुरुआत में तीन वर्ष के अनुबंध पर नियुक्त किया जाएगा। दोनों पक्षों की सहमति से इस अवधि को बढ़ाया जा सकता है, लेकिन कुल कार्यकाल पांच वर्ष से अधिक नहीं होगा। RBI ने स्पष्ट किया है कि यह नियुक्ति पूरी तरह संविदा आधारित होगी और इसे नियमित सरकारी नौकरी नहीं माना जाएगा।
कौन कर सकता है आवेदन? आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को निम्नलिखित पात्रता शर्तें पूरी करनी होंगी: आवेदक भारतीय नागरिक होना चाहिए। आयु 21 वर्ष से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आयु की गणना 6 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 6 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।

1.5 लाख रुपये मासिक स्टाइपेंड

RBI ने कहा है कि चयनित यंग प्रोफेशनल्स को पूरे कार्यकाल के दौरान 1,50,000 रुपये प्रतिमाह का निश्चित स्टाइपेंड दिया जाएगा। इस राशि पर लागू कर की कटौती की जाएगी। केंद्रीय बैंक के अनुसार:”यंग प्रोफेशनल्स को मासिक आधार पर 1,50,000 रुपये का निश्चित स्टाइपेंड दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त वे किसी अन्य भत्ते या लाभ के पात्र नहीं होंगे।”

RBI ने स्पष्ट किया है कि चयनित उम्मीदवार पूर्णकालिक आधार पर कार्य करेंगे और बिना बैंक की लिखित अनुमति के किसी भी निजी या सरकारी संस्था, व्यक्ति अथवा संगठन के लिए अंशकालिक कार्य नहीं कर सकेंगे। बैंक ने कहा:”यह नियुक्ति सीमित अवधि के लिए पूर्णकालिक संविदा पर होगी। नियुक्ति के बाद यंग प्रोफेशनल किसी अन्य संस्था या व्यक्ति के लिए बिना पूर्व लिखित अनुमति के कार्य या पारिश्रमिक स्वीकार नहीं कर सकेंगे।” ओवरटाइम का नहीं मिलेगा अतिरिक्त भुगतान RBI के अनुसार, यंग प्रोफेशनल्स को निर्धारित कार्यालय समय के अतिरिक्त कार्य करने, सप्ताहांत या सार्वजनिक अवकाश के दिनों में काम करने पर कोई अतिरिक्त भुगतान नहीं मिलेगा।

साल में मिलेंगी 15 दिन की छुट्टियां

चयनित उम्मीदवारों को एक कैलेंडर वर्ष में 15 दिनों का अवकाश मिलेगा। यह अवकाश प्रो-राटा आधार पर अर्जित होगा और अगले वर्ष में स्थानांतरित (Carry Forward) नहीं किया जा सकेगा। RBI ने चेतावनी दी है कि यदि कोई कर्मचारी बिना उचित कारण के लगातार 8 कार्यदिवस या उससे अधिक समय तक अनुपस्थित रहता है, तो उसका अनुबंध समाप्त किया जा सकता है।

अगस्त से अक्टूबर 2026 के बीच जॉइनिंग
अधिसूचना के अनुसार, चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति अगस्त से अक्टूबर 2026 के बीच की जा सकती है। जॉइनिंग से पहले उम्मीदवारों को मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट, पुलिस सत्यापन रिपोर्ट और आपराधिक रिकॉर्ड न होने का प्रमाण प्रस्तुत करना होगा। इसके अलावा, उम्मीदवारों को RBI के आचार संहिता, गोपनीयता और सेवा संबंधी नियमों का पालन करते हुए औपचारिक अनुबंध पर हस्ताक्षर करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *