UP News: उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में हुई बारिश, आंधी और तेज हवाओं के बीच चंदौली जिले में आकाशीय बिजली गिरने से दो महिलाओं और एक किशोरी की मौत हो गई। ये घटनाएं राज्य के कई ज़िलों में मौसम के मिजाज में बदलाव के साथ हुईं, जिससे बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलीं।
पुलिस के अनुसार, चंदौली जिले के चकिया थाना क्षेत्र के बाजरडीहा गांव निवासी शकुंतला (68) की शनिवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। चकिया थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि शकुंतला अपराह्न करीब ढाई बजे अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रही थीं तभी तेज हवाएं चलने लगीं व हल्की बारिश शुरू हो गई। सुरक्षित स्थान पर पहुंचने से पहले ही उन पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएंपूरी कीं। शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। शाम को चंदौली जिले में आकाशीय बिजली गिरने की एक और घटना में एक महिला और एक नाबालिग लड़की की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान रूबी (35) और लक्ष्मी (13) के तौर पर हुई है; दोनों चकिया इलाके के धनवाल कलां गांव की रहने वाली थीं।
चकिया के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) रघुराज ने बताया कि रूबी पिछले दो साल से गांव में रह रही थी। वह शाम करीब छह बजे लक्ष्मी के साथ चुप्पेपुर वनवासी बस्ती में लकड़ी इकट्ठा करने गई थी, तभी अचानक मौसम खराब हो गया। आकाशीय बिजली गिरने से दोनों बुरी तरह झुलस गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि उनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।