FIFA World Cup: सह-मेजबान मेक्सिको ने दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से हराया, तीन खिलाड़ियों को दिखाया गया रेड कार्ड

FIFA World Cup: फीफा विश्व कप 2026 के उद्घाटन मैच में सह-मेजबान मेक्सिको ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से हरा दिया। मेक्सिको सिटी स्टेडियम में खेले गए टूर्नामेंट के पहले मैच में मेजबान टीम ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और जूलियन क्विनोन्स के अलावा राउल जिमेनेज के गोल की बदौलत जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।

मेक्सिको ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और इसका फायदा उसे नौवें मिनट में मिला। जूलियन क्विनोन्स ने दक्षिण अफ्रीका की रक्षापंक्ति को भेदते हुए शानदार गोल दागा और टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। शुरुआती गोल के बाद भी मैक्सिको ने नियंत्रण बनाए रखा और लगातार विपक्षी टीम पर दबाव बनाते रहे।

पहले हाफ के अंत तक दक्षिण अफ्रीका कोई जवाब नहीं दे सका और मेक्सिको ने 1-0 की बढ़त बनाए रखी। दूसरे हाफ की शुरुआत दक्षिण अफ्रीका के लिए बेहद खराब रही। 49वें मिनट में स्पेफेलो सिथोले को सीधे रेड कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर भेज दिया गया। सिथोले ने गोल की ओर बढ़ रहे एरिक गुटिएरेज को पेनल्टी बॉक्स के बाहर फाउल कर रोक दिया था। इस फैसले के बाद दक्षिण अफ्रीका को लगभग पूरा दूसरा हाफ 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा।

मेक्सिको ने लगातार हमले जारी रखे। आखिरकार 67वें मिनट में राउल जिमेनेज ने गोल दागकर टीम की बढ़त 2-0 कर दी। इंजरी टाइम में मेक्सिको को भी झटका लगा। डिफेंडर सीजर मॉन्टेस को खुलिसो मुदाउ को फाउल करने के कारण रेड कार्ड दिखाया गया। इसके बावजूद मैच के नतीजे पर इसका कोई असर नहीं पड़ा।

मेक्सिको ने 2-0 की शानदार जीत दर्ज कर विश्व कप 2026 अभियान का विजयी आगाज किया। कतर में 2022 वर्ल्ड कप के पहले राउंड से बाहर होने के बाद, मेक्सिको के पास ग्रुप ए में तीन अंक हैं और वो अपना अगला मैच गुरुवार को ग्वादालहारा में दक्षिण कोरिया के खिलाफ खेलेगा।

वहीं, दक्षिण अफ्रीका को पहले ही मुकाबले में हार के साथ-साथ दो रेड कार्डों का भी नुकसान उठाना पड़ा, जिससे आगे की राह उसके लिए और चुनौतीपूर्ण हो गई है। दक्षिण अफ्रीका अगले मैच में अटलांटा में चेक गणराज्य के खिलाफ खेलेगा। इस साल के विश्व कप में 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जो इतिहास में सबसे ज्यादा हैं। इसका आयोजन मेक्सिको, कनाडा और अमेरिका मिलकर कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *