Uber Strike: दिल्ली के पड़ोसी शहरों में Ola-Uber ड्राइवरों की हड़ताल, 9 दिन तक यात्रियों को होगी परेशानी

Uber Strike: पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ समेत ट्राइसिटी क्षेत्र (चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला) में ऐप-आधारित कैब सेवाओं से जुड़े ड्राइवरों ने 9 जून से 16 जून तक हड़ताल का ऐलान किया है। इस आंदोलन के चलते करीब 50 हजार यात्रियों को रोजाना आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। भीषण गर्मी के बीच यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन और ऑटो रिक्शा का सहारा लेना पड़ सकता है। ड्राइवर संगठनों के अनुसार हड़ताल प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी, जिसके दौरान Ola, Uber और InDrive जैसी सेवाओं से जुड़े चालक सवारी नहीं उठाएंगे।

क्यों हड़ताल पर हैं कैब ड्राइवर?

कैब ड्राइवरों का कहना है कि पिछले एक वर्ष से किराए में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। उनका आरोप है कि साल 2025 में चंडीगढ़ प्रशासन ने कैब किराया 25 रुपये प्रति किलोमीटर निर्धारित किया था, लेकिन इसके बाद पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में कई बार वृद्धि हुई है। इसके बावजूद किराए की दरें जस की तस बनी हुई हैं।

ड्राइवरों का कहना है कि बढ़ती ईंधन लागत और वाहन संचालन के खर्चों ने उनकी आय पर सीधा असर डाला है, जिससे उनका काम आर्थिक रूप से चुनौतीपूर्ण हो गया है।
25 से बढ़ाकर 35 रुपये प्रति किलोमीटर करने की मांग

ड्राइवर यूनियनों ने किराया 25 रुपये से बढ़ाकर 35 रुपये प्रति किलोमीटर करने की मांग की है। उनका दावा है कि बीते एक साल में सीएनजी की कीमतों में लगभग 9 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है, जबकि पेट्रोल और डीजल के दाम भी लगातार बढ़े हैं।ड्राइवर एसोसिएशन का कहना है कि उन्होंने कई बार प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष अपनी मांग रखी, लेकिन कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। इसी कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ा।

दिल्ली-NCR में भी हो चुकी है हड़ताल
इससे पहले 21 से 23 मई के बीच दिल्ली-एनसीआर में ऑटो और टैक्सी चालकों ने भी हड़ताल की थी। उस दौरान दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद के लाखों यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। दिल्ली-एनसीआर की हड़ताल का मुख्य कारण कमर्शियल वाहनों पर बढ़ाए गए शुल्क और BS-4 या उससे पुराने वाहनों पर लगाए गए प्रतिबंध थे। हालांकि उस समय Ola, Uber और Rapido जैसी ऐप-आधारित कैब सेवाओं ने आंदोलन को औपचारिक समर्थन नहीं दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *