PM Modi: प्रधानमंत्री मोदी आज गुजरात व दमन के दौरे पर रहेंगे, कई परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात और दमन का दौरा करेंगे और करीब 22,000 करोड़ रुपये की अलग-अलग विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री सूरत में एक जनसभा को संबोधित भी करेंगे, परियोजनाओं में सूरत में 200 बिस्तरों वाले ईएसआईसी अस्पताल का उद्घाटन और दमन के नमो हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का लोकार्पण शामिल हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं कल (पांच जून) गुजरात के सूरत और दमन में लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के मकसद से आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए उपस्थित रहूंगा। इन दोनों कार्यक्रमों में 20,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन या शिलान्यास किया जाएगा।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि दमन में प्रमुख कार्यक्रमों में हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन शामिल है, जिससे कनेक्टिविटी में सुधार होगा। उन्होंने कहा, ‘‘नमो अस्पताल लोगों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करेगा। ‘दमन कन्वेंशन सेंटर’ और एनआईएफटी परिसर जैसी परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी।’’

एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, प्रधानमंत्री पांच जून को सूरत जिले के हजीरा का दौरा करेंगे और वहां बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। इसके बाद वे सूरत में करीब 18,800 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे और इस मौके पर एक सभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के पैकेज छह और सात का भी उद्घाटन करेंगे। इसके बाद मोदी सूरत में 200 बिस्तर वाले ईएसआईसी अस्पताल का उद्घाटन करेंगे।

फिर प्रधानमंत्री दमन जाएंगे, जहां नमो हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन और नमो अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री कुछ और परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। दमन में कुल मिलाकर करीब 2,970 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत की जाएगी। प्रधानमंत्री केंद्र शासित प्रदेश लक्षद्वीप के लिए करीब 885 करोड़ रुपये की चार महत्वपूर्ण परियोजनाओं का ऑनलाइन माध्यम से शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में कल्पेनी द्वीप और कदमत द्वीप के पूर्वी और पश्चिमी दोनों ओर बंदरगाहों का विकास शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *