Telangana: राष्ट्रपति मुर्मू और PM मोदी ने तेलंगाना के स्थापना दिवस पर दीं शुभकामनाएं

Telangana: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने तेलंगाना के लोगों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य ने पिछले कुछ वर्षों में नवोन्मेष और विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। तेलंगाना को आंध्र प्रदेश से अलग करके 2014 में इसी दिन राज्य का दर्जा दिया गया था।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘‘राज्य स्थापना दिवस पर तेलंगाना के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं! तेलंगाना समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और मेहनती लोगों की धरती है। राज्य ने पिछले कुछ वर्षों में नवोन्मेष और विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। मैं तेलंगाना के लोगों की निरंतर प्रगति और खुशहाली की कामना करती हूं।’’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी राज्य के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केंद्र सरकार राज्य के विकास में सहयोग देने तथा विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘तेलंगाना राज्य स्थापना दिवस के विशेष अवसर पर तेलंगाना के लोगों को शुभकामनाएं।’

प्रधानमंत्री ने कहा कि तेलंगाना के लोग नवोन्मेष और उद्यम की भावना के लिए जाने जाते हैं तथा यह राज्य अपनी गौरवशाली संस्कृति एवं उस इतिहास के लिए प्रसिद्ध है जो साहस और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा, ‘‘विकसित भारत के हमारे सपने को साकार करने में तेलंगाना की विकास यात्रा को समर्थन देने के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध है। राज्य के लोगों के अच्छे स्वास्थ्य और सफलता की कामना करता हूं।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *