West Bengal: भारत-बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने के लिए बंगाल सरकार ने BSF को 142 एकड़ जमीन सौंपी

West Bengal:  पश्चिम बंगाल सरकार ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर चौकियां बनाने और कटीले तारों की बाड़ लगाने के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को अब तक कुल 142.79 एकड़ जमीन सौंप दी है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

यह जमीन हस्तांतरण भारतीय जनता पार्टी की सरकार के 11 मई को पहली मंत्रिमंडल बैठक में लिये गए उस निर्णय का हिस्सा है, जिसके तहत सीमा पर बाड़ लगाने और संबंधित बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए 45 दिनों के भीतर 600 एकड़ जमीन हस्तांतरित की जानी है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “पश्चिम बंगाल सरकार ने बीएसएफ चौकियों के निर्माण और कटीले तारों की बाड़ लगाने की सुविधा देकर सीमा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कड़े कदम उठाए हैं, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा और बढ़ेगी। अब बीएसएफ को और जमीन सौंप दी गई है, जिससे कुल आंकड़ा 142.79 एकड़ हो गया है।”

इस पहल के पहले चरण के तहत, 20 मई को पांच जिलों में खरीदी गई 43 एकड़ जमीन और 31.9 एकड़ निहित भूमि के स्वीकृति आदेश बीएसएफ को सौंपे गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *