Stock market: शेयर बाजार में दो दिनों से जारी तेजी पर लगा विराम, सेंसेक्स 480 अंक टूटा

Stock market: उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में स्थानीय शेयर बाजारों में गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स 479 अंक टूट गया जबकि एनएसई निफ्टी में 118 अंक की गिरावट आई। ईरान के दक्षिणी भाग में अमेरिकी हमले की रिपोर्ट के बाद कच्चे तेल के दाम में आई तेजी के बीच बाजार में गिरावट आई।

बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 479.26 अंक यानी 0.63 प्रतिशत टूटकर 76,009.70 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय इसमें 579.28 अंक यानी 0.75 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 75,909.68 पर पहुंच गया था।

इसी तरह, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 118 अंक यानी 0.49 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,913.70 पर बंद हुआ। सेंसेक्स में शामिल शेयरों में भारती एयरटेल, ट्रेंट, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, बजाज फाइनेंस, टाइटन और एचडीएफसी बैंक में प्रमुख रूप से गिरावट रही। दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में टेक महिंद्रा, इटर्नल, मारुति और अडाणी पोर्ट्स शामिल हैं।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.93 प्रतिशत चढ़कर 98.96 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि ईरान के साथ युद्ध समाप्त करने के लिए बातचीत ‘अच्छी तरह’ आगे बढ़ रही है, लेकिन अधिकारियों ने बताया कि तेहरान द्वारा अपने सर्वोच्च नेता से परामर्श करने के लिए उपयोग किए जाने वाले जटिल संचार नेटवर्क के कारण अंतिम निर्णय में कुछ समय लग सकता है।

एशिया के अन्य बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुआ, जबकि जापान का निक्की, चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट के साथ बंद हुए। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर कारोबार में ज्यादातर में गिरावट का रुख था। अमेरिकी बाजार सोमवार को ‘मेमोरियल डे’ के मौके पर बंद थे।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 821.75 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। सेंसेक्स सोमवार को 1,073.61 अंक बढ़कर 76,488.96 पर बंद हुआ जबकि निफ्टी 312.40 अंक की तेजी के साथ 24,031.70 पर रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *