Twisha Sharma: मध्य प्रदेश में 12 दिन बाद ट्विशा शर्मा का अंतिम संस्कार किया गया

Twisha Sharma: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कथित तौर पर दहेज उत्पीड़न के कारण जान गंवाने वाली नोएडा निवासी पूर्व मॉडल और अभिनेत्री ट्विशा शर्मा का रविवार को 12 दिन बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), दिल्ली के चिकित्सकों के दल द्वारा शव का दूसरा पोस्टमार्टम किए जाने के बाद उनका अंतिम संस्कार किया गया।

भोपाल के भदभदा श्मशान घाट पर शाम पांच बजे के बाद उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान भावुक तस्वीरें देखने को मिली। ट्विशा की मां और परिवार के बाकी सदस्य अंतिम संस्कार के दौरान फूट-फूट कर रो पड़े। धार्मिक रीति-रिवाज पूरे किए जाने के बाद चिता को अग्नि दी गई।

ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने दिन में ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, ‘‘आज हम एक बेटी, एक बहन, एक मित्र और एक मासूम इंसान को विदाई देने जा रहे हैं। जिस बेटी ने सपनों के साथ जीवन के नए चरण की शुरुआत की थी, वो हम सबको बहुत जल्दी छोड़कर चली गई। माता-पिता की नम आंखें, टूटे सपने और न्याय की प्रतीक्षा में बीतता हर पल समाज के सामने एक मौन सवाल खड़ा करता है।’’

भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में 12 मई को ससुराल वालों के मकान में त्विषा (33) का शव फंदे से लटका हुआ मिला था। उनके परिवार ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।

हालांकि, ससुराल वालों का दावा है कि त्विषा मादक पदार्थों की लत से जूझ रही थीं। पुलिस ने त्विषा के पति और पेशे से वकील समर्थ सिंह तथा उनकी मां एवं पूर्व जिला न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज प्रताड़ना समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। समर्थ सिंह को 10 दिन तक फरार रहने के बाद जबलपुर से गिरफ्तार किया गया था, भोपाल की एक अदालत ने शनिवार को उसे सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *