Oggy Janata Party: सोशल मीडिया की दुनिया इन दिनों एक अनोखे ट्रेंड की गवाह बन रही है। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के बाद अब ‘ओगी जनता पार्टी’ (OJP) ने एंट्री मार ली है और आते ही इंटरनेट पर छा गई है। खुद को पूरी तरह अलग और “एंटी-CJP” बताने वाली यह नई मीम पार्टी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
दरअसल, इन दिनों ऑनलाइन ‘मीम पार्टियों’ का ट्रेंड चल पड़ा है। CJP ने बेरोजगारी, युवाओं की नाराजगी और सिस्टम पर व्यंग्य करते हुए जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की। महज कुछ दिनों में इसके फॉलोअर्स 2.15 करोड़ (21.5 मिलियन) तक पहुंच गए, जिसने कई असली राजनीतिक दलों को भी पीछे छोड़ दिया।
अब इसी ट्रेंड को आगे बढ़ाते हुए ‘ओगी जनता पार्टी’ सामने आई है। माना जा रहा है कि यह पूरा कॉन्सेप्ट मशहूर कार्टून शो Oggy and the Cockroaches से प्रेरित है। जहां CJP ‘कॉकरोच’ को प्रतीक बनाकर सिस्टम पर तंज कसती है, वहीं OJP खुद को उसका विरोधी बताकर अलग नैरेटिव पेश कर रही है।
CJP पर लगाए आरोप
OJP ने सोशल मीडिया पर CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके पर सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि CJP खुद को न्यूट्रल बताती है, लेकिन उसके राजनीतिक कनेक्शन हैं। इसी सिलसिले में OJP ने पुराने पोस्ट शेयर किए, जिनमें Manish Sisodia का जिक्र भी सामने आया। OJP का आरोप है कि CJP के तार आम आदमी पार्टी से जुड़े रहे हैं।
‘हर तरह के कॉकरोच खत्म करेंगे’
OJP का मोटो भी खूब वायरल हो रहा है —“Any roach. Any size. Any species. Dead.”यानी हर तरह के ‘कॉकरोच’ को खत्म करना उनका मिशन है। इसे लोग मजेदार राजनीतिक व्यंग्य और इंटरनेट ह्यूमर का हिस्सा मान रहे हैं।
स्वतंत्रता सेनानियों के जरिए मैसेज
OJP ने एक पोस्ट में स्वतंत्रता सेनानियों की तस्वीरों के साथ सवाल उठाया कि जिस देश को बलिदानों से आजादी मिली, वहां आज युवा खुद को ‘कॉकरोच’ कहकर ट्रेंड बना रहे हैं। इस मैसेज को बेरोजगारी और युवाओं की निराशा से जोड़कर देखा जा रहा है।
जानवरों के लिए अलग मेनिफेस्टो जहां CJP बेरोजगारी और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर फोकस कर रही है, वहीं OJP ने एक अलग ही रास्ता चुना है। पार्टी ने 6-पॉइंट एनिमल वेलफेयर मेनिफेस्टो जारी किया है, जिसमें सड़क के जानवरों के लिए फ्री हेल्थकेयर ,ज्यादा शेल्टर होम्स रोजाना फीडिंग ,बड़े स्तर पर अडॉप्शन कैंपेन जैसे वादे शामिल हैं। पोस्टर्स में ‘ओगी’ को कुर्ता-पजामा पहनकर जानवरों के साथ दिखाया गया है, जो इसे और दिलचस्प बनाता है।
सोशल मीडिया पर ‘मीम वॉर’
अब CJP और OJP के समर्थकों के बीच सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आ गई है। कुछ लोग इसे सिर्फ एंटरटेनमेंट मान रहे हैं, तो कुछ इसे छुपे हुए राजनीतिक एजेंडा से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, OJP अपने बायो में साफ तौर पर कहती है कि वह किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ी नहीं है।
नई ‘डिजिटल राजनीति’ का संकेत
एक बात तो साफ है—अब राजनीति सिर्फ रैलियों और भाषणों तक सीमित नहीं रही। कार्टून कैरेक्टर्स, मीम्स और वायरल ट्रेंड्स भी इंटरनेट की नई ‘राजनीति’ बन चुके हैं, जहां व्यंग्य, क्रिएटिविटी और डिजिटल पहुंच ही असली ताकत बन गई है।