Amit Shah: राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) को ‘प्रेसिडेंट्स कलर्स’ से सम्मानित किया गया, ये सम्मान देश भर में आपदाओं और त्रासदियों के दौरान इस बल द्वारा निभाई जाने वाली बेहतरीन भूमिका की पहचान के तौर पर दिया गया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गाजियाबाद स्थित एनडीआरएफ की आठवीं बटालियन के परिसर में एनडीआरएफ को ‘प्रेसिडेंट्स कलर’ प्रदान किया। एनडीआरएफ की 16 बटालियनें पूरे देश में तैनात हैं, जिनमें कुल मिलाकर लगभग 18,000 कर्मी शामिल हैं।
ये सम्मान, जो एक झंडे के रूप में दिया जाता है, किसी सैन्य या पुलिस इकाई को उसकी असाधारण सेवा के लिए प्रदान किया जाता है। एनडीआरएफ को ये सम्मान उसकी स्थापना के 20वें साल में दिया गया। एनडीआरएफ की स्थापना 2006 में एक संघीय आकस्मिक बल के रूप में की गई थी, जिसका मकसद प्राकृतिक और मानव-जनित आपदाओं के दौरान राहत और बचाव अभियान चलाना है।
एनडीआरएफ प्रमुख पीयूष आनंद ने बताया कि पिछले 20 सालों में, अपनी स्थापना के बाद से इस बल ने 12,000 से ज्यादा अभियान चलाए हैं और अब तक 1.5 लाख लोगों की जान बचाई है और नौ लाख लोगों को सुरक्षित निकाला है।
अमित शाह ने कहा कि ‘प्रेसिडेंट्स कलर’ एनडीआरएफ की सेवा के लिए सिर्फ एक “मान्यता” नहीं है, बल्कि ये सभी राज्य आपदा राहत बलों, पंचायत स्तर तक की राज्य मशीनरी, एनसीसी (नेशनल कैडेट कोर), एनएसएस (नेशनल सर्विस स्कीम), ‘आपदा मित्रों’ (नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों) और बाकी लोगों की सेवाओं की भी मान्यता है।
गृह मंत्री ने कहा कि उनके मंत्रालय ने एक योजना तैयार की है ताकि ये पक्का किया जा सके कि अगले कुछ सालों में देश में लू के दौरान किसी की जान न जाए। इसके पीछे मोदी सरकार का मूल सिद्धांत आपदाओं के प्रति “प्रतिक्रियात्मक” होने के बजाय “सक्रिय” होना है।