Somnath: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमनाथ अमृत महोत्सव में भाग लेने से पहले सोमवार को गुजरात के गिर सोमनाथ जिले में रोड शो किया। सोमनाथ अमृत महोत्सव, भगवान शिव के प्रसिद्ध मंदिर के जीर्णोद्धार किए जाने के बाद इसे श्रद्धालुओं के लिए फिर से खोले जाने के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है।
हैलीपेड से प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर के पास वीर हमीरजी सर्कल तक लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबे मार्ग पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करने के लिए बड़ी संख्या में लोग कतार में खड़े थे। क्षेत्र से प्रधानमंत्री मोदी का काफिला गुजरते समय लोगों ने झंडे लहराए और नारे लगाए। पश्चिम बंगाल समेत देश के अलग-अलग हिस्सों से आए कलाकारों ने मार्ग में निर्धारित स्थानों पर पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किए।
प्रधानमंत्री अपने दो दिवसीय गुजरात दौरे के तहत रविवार रात जामनगर पहुंचे और रात्रि विश्राम के बाद सोमवार सुबह सोमनाथ पहुंचे। सोमनाथ मंदिर 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है और भारत की अटूट आस्था और सभ्यतागत विरासत का प्रतीक है। भारत के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद द्वारा 1951 में पुनर्निर्मित मंदिर के उद्घाटन किए जाने के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सोमनाथ अमृत महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी मंदिर में अभिषेक, ध्वज पूजा और महा पूजा सहित कई अनुष्ठान में भाग ले रहे हैं। इन अनुष्ठानों के दौरान हेलीकॉप्टर से मंदिर पर फूल बरसाए जाएंगें, इसके बाद प्रधानमंत्री सद्भावना मैदान में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।