IPL 2026: आईपीएल 2026 में उत्साहित गुजरात टाइटंस शनिवार को जयपुर में राजस्थान रॉयल्स से भिड़ेगी। जीटी की कोशिश अपनी जीत का सिलसिला बरकरार रखने की होगी। अंक तालिका में दोनों टीमों के बीच सिर्फ नेट रन रेट का अंतर है। दोनों टीमों ने इस सीजन के 10 में से छह मैच जीते हैं। हालांकि आंकड़े गुजरात टाइटंस के पक्ष में हैं। उसने लगातार तीन मैच जीते हैं, जबकि राजस्थान रॉयल्स को पिछले पांच में से तीन मैच में हार का सामना करना पड़ा है।
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पिछले मैच में 90 रन बनाए थे, लेकिन ये नाकाफी था। टीम 225 रन के स्कोर का बचाव नहीं कर सकी थी। ये लगातार दूसरा मौका था जब आरआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 220 से ज्यादा स्कोर किया, फिर भी हार मिली।
आरआर रनों के लिए काफी हद तक वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल पर निर्भर रही है। टीम की गेंदबाजी में ज्यादा धार नहीं दिखी है, खास कर बीच के ओवरों में। जीटी के कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन इस सीजन में लगातार अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। जोस बटलर के फॉर्म में लौटने से बल्लेबाजी का ऊपरी क्रम और मजबूत हुआ है।
टाइटंस को कागिसो रबाडा की अगुवाई में मजबूत तेज गेंदबाजी से भी आत्मविश्वास मिलेगा। तेज गेंदबाजों में प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज शामिल हैं। सवाई मानसिंह स्टेडियम में हाई-स्कोरिंग मैचों का चलन है। इसे देखते हुए पूरी संभावना है कि दोनों टीम लक्ष्य का पीछा करना पसंद करेंगी।