IPL 2026: दिल्ली कैपिटल्स के क्रिकेट निदेशक वेणुगोपाल राव ने माना कि 18 सालों में आईपीएल का खिताब ना जीतना दुख देता है। उन्होंने इस निराशाजनक सीजन का कारण सभी विभागों में टीम के लगातार खराब प्रदर्शन को बताया। शुक्रवार को कोलकाता नाइट राइडर्स से हारने के बाद कैपिटल्स की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद लगभग खत्म हो गईं, जो इस सीजन में उनकी सातवीं हार थी।
डीसी और पंजाब किंग्स ही ऐसी दो टीमें हैं जिन्होंने अभी तक आईपीएल ट्रॉफी नहीं जीती है। कैपिटल्स का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2020 में रहा, जब वो अपने पहले फाइनल में पहुंचकर उप-विजेता रहे। उस सीजन में उन्हें मुंबई इंडियंस से पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा था।
2011-2013 के बीच डीसी के लिए खेल चुके राव ने कहा, “जाहिर है, क्रिकेट में 18 साल बाद यह दुखद है। जब मैं अपने खेलने के दिनों को याद करता हूं, तो मैं हमेशा जीतना चाहता था लेकिन अब, प्रशासनिक और कोचिंग पक्ष में आने के बाद, मैं इस प्रक्रिया से अभी भी बहुत कुछ सीख रहा हूं।”