IPL 2026: आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स के दिग्गज स्पिनर कुलदीप यादव मैदान पर जूझते दिख रहे हैं। ये सिलसिला चेन्नई सुपर किंग्स के साथ मुकाबले में भी जारी रहा, वे महंगे साबित हुए और उन्हें विकेट भी नहीं मिला। कुलदीप के लिए ये सीजन बेहद मुश्किल साबित हुआ है। इस ‘चाइनामैन’ गेंदबाज का अपनी गेंद पर से नियंत्रण छूट गया है और बल्लेबाजों ने उन पर जरा भी रहम नहीं दिखाया है।
30 ओवरों में कुलदीप सिर्फ सात विकेट ही ले पाए हैं, उनका औसत 44.42 और स्ट्राइक रेट 25.7 रहा है। हालांकि इससे भी ज्यादा चौंकाने वाली बात उनका इकॉनमी रेट 10.36 होना है। ये इस सीजन में एक अपवाद है, जबकि दूसरे स्पिनरों ने ज्यादातर बल्लेबाजों के रन बनाने पर लगाम कसकर रखी है।
आईपीएल में इस साल कम से कम 10 ओवर गेंदबाजी करने वाले 19 स्पिनरों में से, वे अकेले ऐसे गेंदबाज हैं जो प्रति ओवर 10 से ज्यादा रन दे रहे हैं। ये बताता है कि कुलदीप के प्रदर्शन में कितनी बड़ी गिरावट आई है। इतना ही नहीं कुलदीप की गेंदों पर इस सीजन में अब तक 24 छक्के लग चुके हैं। ये इस सीजन में किसी भी गेंदबाज़ द्वारा खाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं। उन्होंने इस मामले में नांद्रे बर्गर को पीछे छोड़ दिया है, जो 21 छक्कों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ तीन ओवर की गेंदबाजी में कुलदीप ने 34 रन देकर कोई विकेट नहीं लिया। उनका इकॉनमी रेट 11.30 रहा। मैच में विकेट न हासिल कर पाने से ज्यादा अहम बात ये है कि वे विपक्षी टीम पर कोई दबाव भी नहीं बना पाए। सीएसके के बल्लेबाज उनके खिलाफ आक्रामक अंदाज में दिखे।
हालांकि दिल्ली कैपिटल्स के कोच हेमांग बदानी कुलदीप का बचाव करते दिखे। उन्होंने कहा कि भले ही कुलदीप बेहतर लय में नहीं है लेकिन टीम को उन पर पूरा भरोसा है। उनके मुताबिक ये सिर्फ लय पाने की बात है।