IPL 2026: मुंबई के सामने हैदराबाद की कड़ी चुनौती, जीत की राह पर लौटना चाहेगी MI पलटन

IPL 2026: पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस को अगर अपनी किस्मत पलटनी है तो उसे शानदार फॉर्म में चल रहे सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुंबई में होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग के महत्वपूर्ण मुकाबले में खेल के हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन करना होगा।

मुंबई की टीम पहले सात मैचों में पांच में हार से चार अंक लेकर नौवें स्थान पर है। उसे चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 103 रन से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था जिससे उसका नेट रन रेट भी बिगड़ गया है। मुंबई की टीम की चिंता भारत की टी20 विश्व कप विजेता टीम के चार खिलाड़ियों में शामिल कप्तान हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव का खराब प्रदर्शन है।

वहीं सनराइजर्स हैदराबाद इस बात से अच्छी तरह वाकिफ होगा कि मुंबई अपनी हार का सिलसिला तोड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ेगा। ऐसे में उसकी उम्मीद बल्लेबाजों पर टिकी रहेगी जो वानखेड़े स्टेडियम की बल्लेबाजी के लिए अनुकूल परिस्थितियों का फायदा उठाने की कोशिश करेंगे। सनराइजर्स में पिछले मैच में वैभव सूर्यवंशी के शतक के बावजूद राजस्थान रॉयल्स को हराया था।

अभिषेक शर्मा टी20 विश्व कप में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाने के बाद फॉर्म में लौट आए हैं और वे इसका पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेंगे। उन्होंने अब तक 212.29 के स्ट्राइक रेट और 54.28 के औसत से 380 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं।

हालांकि ट्रैविस हेड से टीम को और ज्यादा उम्मीदें होंगी, जो अब तक इस टूर्नामेंट में खास प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। कप्तान पैट कमिंस की वापसी से सनराइजर्स का गेंदबाजी आक्रमण मजबूत हुआ है। मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजों को उनसे सतर्क रहना होगा। सनराइजर्स की टीम अभी अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *