Rihanna: ग्लोबल पॉप स्टार रिहाना आधिकारिक दौरे पर मुंबई पहुंची हैं, ग्रैमी पुरस्कार विजेता रिहाना को गुरुवार शाम हवाई अड्डे पर काले रंग के आउटफिट में देखा गया। उन्होंने मुस्कुराते हुए फोटोग्राफरों की ओर हाथ हिलाया और फिर कार में बैठ गईं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रिहाना अपने ब्रांड फेंटी ब्यूटी से संबंधित खास कार्यक्रम के लिए मुंबई में हैं। ‘फेंटी ब्यूटी की हवेली पॉप-अप’ नामक ये कार्यक्रम शुक्रवार शाम को दक्षिण मुंबई के एक मॉल में आयोजित किया जाएगा।
खबरों के मुताबिक रिहाना अपने प्रवास के दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की बोर्ड सदस्य ईशा अंबानी पीरामल से मुलाकात कर सकती हैं और जामनगर भी जा सकती हैं।
हालांकि उनके दौरे के उद्देश्य के बारे में अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, ये रिहाना की भारत की दूसरी यात्रा है। इससे पहले उन्होंने मार्च 2024 में गुजरात के जामनगर शहर में अरबपति मुकेश अंबानी के बेटे अनंत और राधिका मर्चेंट के भव्य प्री-वेडिंग समारोह में प्रस्तुति दी थी।
अंतरराष्ट्रीय संगीत जगत की इस सनसनीखेज गायिका को “डायमंड्स”, “वेयर हैव यू बीन”, “रूड बॉय” और “पोर इट अप” जैसे गानों के लिए जाना जाता है।