Heatwave: भीषण गर्मी का असर, देशभर में हीटवेव का कहर

Heatwave: ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राज्य में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों में समय से पहले ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया है। सरकारी आदेश के अनुसार, राज्य के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूल 27 अप्रैल से बंद रहेंगे। हालांकि, पहले से निर्धारित परीक्षाएं, जनगणना कार्य और अन्य आधिकारिक गतिविधियां तय कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेंगी। इस प्रस्ताव को स्कूल एवं जन शिक्षा विभाग की सिफारिश पर मुख्यमंत्री ने मंजूरी दी है।

राज्य के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने X (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, क्योंकि राज्य में इस समय भीषण लू चल रही है। वहीं, देश के कई हिस्सों में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। केरल के कन्नूर में लू लगने से 37 वर्षीय सुनील कुमार की मौत हो गई। वह अपने घर पर कुआं खोदते समय बेहोश हो गए थे और अस्पताल में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। विदर्भ, मराठवाड़ा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 40°C से 45°C के बीच दर्ज किया गया है। इसके अलावा, ओडिशा, झारखंड, राजस्थान और गुजरात के कुछ इलाकों में भी इसी तरह की स्थिति देखी गई है, जबकि देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान 36°C से 40°C के बीच बना हुआ है। IMD के अनुसार, हिमाचल प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ में तापमान सामान्य से काफी अधिक है, जबकि दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड और मध्य प्रदेश समेत कई क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *