Ghaziabad: गाजियाबाद में 500 झुग्गियों में लगी भीषण आग, एक-एक कर फटे सिलिंडर

Ghaziabad: गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के कनवानी गांव में करीब 12 बजे अचानक भीषण आग लग गई, इस अग्निकांड में 500 से अधिक झुग्गियां देखते ही देखते जल उठीं। आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि दूर से ही दिखाई दे रही थीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग में करीब छह बच्चों के लापता होने की बात सामने आ रही है। हालांकि किसी अधिकारी ने अभी यह पुष्टि नहीं की है।

आग लगने के तुरंत बाद झुग्गियों में रखे रसोई गैस सिलिंडर एक-एक करके फटने लगे। इन धमाकों की आवाज से पूरा क्षेत्र दहल उठा और लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल और दमकल विभाग की कई टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने बिना देरी किए आग बुझाने का काम शुरू कर दिया।

आग पर काबू पाने के लिए दर्जनों दमकल गाड़ियां लगाई गई हैं। अग्निशमन अभियान में कई घंटे लगने की संभावना है क्योंकि आग बड़े क्षेत्र में फैली है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। हालांकि यह जानकारी सामने आ रहा है कि कबाड़ के गोदाम में आग लगी थी, जिसके बाद यह झुग्गियों में फैलती चली गई।

पुलिस और दमकल की टीमों ने युद्धस्तर पर बचाव कार्य शुरू किया, आग बुझाने के लिए लगातार पानी की बौछारें की जा रही हैं। करीब एक दर्जन से अधिक वाटर टेंडर आग बुझाने में जुटी हैं। स्थानीय निवासियों ने भी अपनी जान जोखिम में डालकर आग बुझाने में मदद की कोशिश की। डीएम, डीसीपी सिटी एसीपी, सीएफओ, सीएमओ समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *