Lucknow Fire Tragedy: सिलेंडर धमाकों से दो सौ से ज्यादा झोपड़ियां राख, एक के बाद एक 100 गैस सिलिंडर दगे

Lucknow Fire Tragedy: लखनऊ में लगी आग के बाद से छह बच्चे लापता थे, सुबह दो बच्चों की मौत की पुष्टि हुई है। आग ने 1200 झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया था।

देखते ही देखते आग ने 1200 झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। झोपड़ियों में रखे 100 के करीब गैस सिलिंडर भी फटे। आग से पूरे इलाके में भगदड़ मच गई, बस्ती में बनी झोपड़ियों से लोग जान बचाकर भागने लगे। 22 दमकल की गाड़ियों ने मिलकर आग बुझाने का काम शुरू किया जो रात 10 बजे तक चलता रहा।

आग से 50 के करीब मवेशियों के जिंदा जलने की सूचना है, पर इसकी पुष्टि नहीं हुई। कुछ बच्चे भी लापता हुए। पुलिस व प्रशासन बस्ती में सर्च ऑपरेशन चला रहा है। लोगों का आरोप है कि समय पर पुलिस व दमकल नहीं पहुंची और आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। नाराज लोगों की पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों से तीखी नोकझोक और धक्का-मुक्की भी हुई।

भीषण अग्निकांड में जिसे जहां जगह मिली, वह जान बचाने के लिए भागा। इस भगदड़ में दो परिवार के छह बच्चे लापता हुए थे। पुलिस-प्रशासन बच्चों की तलाश में रात तक जुटा रहा। आसपास के मोहल्लों में भी बच्चों की तलाश की जा रही है। बच्चों की मौत की जानकारी से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

एक के बाद एक 100 गैस सिलिंडर दगे-

बस्ती में लगी आग के चलते झोपड़ियों में रखे गैस सिलिंडर एक के बाद एक दगना शुरू हो गए। गैस सिलिंडरों के धमाके से पूरा इलाका दहल उठा। बस्ती में रहने वाले लोगों का कहना है कि आग से दो गाय और करीब 50 बकरियां जिंदा जल गईं। फिलहाल मवेशियों के जलने की पुष्टि पुलिस व प्रशासन ने नहीं की है।

उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी: डिप्टी सीएम
अग्निकांड की सूचना पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने जिलाधिकारी, पुलिस कमिश्नर, मुख्य विकास अधिकारी, नगर आयुक्त, एसडीआरएफ एवं अन्य अधिकारियों के साथ इस घटना में बचाव कार्यों को लेकर विस्तृत वार्ता की और पीड़ित परिवारों के रहने व भोजन व्यवस्था के लिए आदेश दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *