Dehradun: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली-उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड को जोड़ने वाले दिल्ली-देहरादून आर्थिक कॉरिडोर का शुभारंभ कर इसे राष्ट्र को समर्पित किया। 212 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे की वजह से दिल्ली से देहरादून की दूरी, उत्तर प्रदेश होते हुए, मात्र ढाई घंटे में पूरी होगी। इस एक्सप्रेसवे का 60 प्रतिशत से अधिक हिस्सा उत्तर प्रदेश से होकर गुजरेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने देहरादून में एक्सप्रेसवे का शुभारंभ करने के बाद उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में रोड शो किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनके साथ मौजूद रहे।
करीब 12,000 करोड़ रुपये की लागत से बना 212 किमी लंबा यह एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के कई शहरों से होकर गुजरता है और इसमें 12 किलोमीटर लंबा एशिया का सबसे बड़ा वन्यजीव एलिवेटेड कॉरिडोर शामिल है।
यह आर्थिक कॉरिडोर न सिर्फ आवागमन को सुगम बनाएगा, बल्कि सहारनपुर के लकड़ी शिल्प, मेरठ के खेल सामान और क्षेत्रीय किसानों के उत्पादों को राष्ट्रीय राजधानी के जरिए वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने में भी अहम भूमिका निभाएगा।