Gold Silver Price: दिल्ली में सोना 1200 चढ़कर 1.44 लाख रुपये पर, चांदी स्थिर

Gold Silver Price: राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में चार दिन से जारी गिरावट का सिलसिला टूट गया और इसके भाव 1,200 रुपये बढ़कर 1.44 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गए। वहीं चांदी की कीमतें 2.30 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर बनी रहीं।

अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी है। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत सोमवार को 1,43,600 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर बंद हुई थी। कारोबारियों ने घरेलू सोने की कीमतों में आए इस उछाल का श्रेय वैश्विक जिंस बाजारों में आये सुधार और हाल ही में कीमतों में आई भारी गिरावट के बाद निचले स्तर पर हुई कुछ खरीदारी को दिया।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, हाजिर सोना नौ सत्रों की गिरावट के बाद संभला और 16.96 डॉलर या 0.38 प्रतिशत बढ़कर 4,423.83 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि चांदी 1.03 प्रतिशत की बढ़त के साथ 69.86 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।

मिराए एसेट शेयरखान में जिंस प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा, ‘‘लगातार नौ दिन तक गिरने के बाद, हाजिर सोना विदेशी बाजारों में लगभग 4,420 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर कारोबार कर रहा है। ईरान युद्ध को लेकर सावधानी भरी उम्मीदें इसकी वजह हैं, क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमलों के खिलाफ पांच दिनों के संघर्षविराम की घोषणा की है।’’

हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इस संघर्षविराम की प्रभावशीलता को लेकर अभी संदेह बना हुआ है, जिसके चलते निवेशकों का रुख सतर्क बना हुआ है। विश्लेषकों का कहना है कि भू-राजनीतिक मोर्चे से मिल रहे मिले-जुले संकेतों के कारण निकट भविष्य में सर्राफा की कीमतें अस्थिर रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *