CBSE: सीबीएसई ने 12वीं क्लास की उत्तर पुस्तिका के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख एक दिन बढ़ाकर सात जून कर दी है। ये कदम तब उठाया गया जब कई छात्रों ने दो जून को लॉन्च किए गए सीबीएसई के रिजल्ट के बाद के सर्विस पोर्टल पर उत्तर पुस्तिका देखने और सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन करने में आ रही दिक्कतों के बारे में बताया।
बोर्ड ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “छात्रों के हित में, सीबीएसई ने 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख बढ़ाने का फैसला किया है, ताकि छात्रों को ये प्रक्रिया पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय और मदद मिल सके।”
बोर्ड ने बताया कि पहले की अंतिम तिथि छह जून (आधी रात) थी, जिसे अब बढ़ाकर सात जून (आधी रात) कर दिया गया है। इसमें कहा गया है, “छात्रों से अनुरोध है कि वे बदले हुए कार्यक्रम को ध्यान में रखें और उसी के अनुसार अपने आवेदन जमा करें।” सीबीएसई ने उन छात्रों के लिए ऑनलाइन पोर्टल खोल दिया जो अपनी बोर्ड परीक्षा के नंबरों से संतुष्ट नहीं हैं। इस पोर्टल के जरिए वे अपनी उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी में किसी भी तरह की गड़बड़ी की जांच करवा सकते हैं और अपने उत्तरों का दोबारा मूल्यांकन (री-इवैल्यूएशन) करवा सकते हैं।
बोर्ड ने कहा था कि उत्तर पुस्तिका की स्कैन की गई कॉपी में गड़बड़ियों की जांच के लिए छात्र कई तरह की समस्याओं की रिपोर्ट कर सकते हैं, जैसे कि पेज गायब होना, सप्लीमेंट्री शीट गायब होना, मैप या ग्राफ्र गायब होना, पेज धुंधले होना, गलत उत्तर पुस्तिका मिलना या किसी दूसरे प्रश्न पत्र सेट के आधार पर मूल्यांकन होना।
सीबीएसई विवादों में घिर गया है क्योंकि 12वीं कक्षा के कुछ छात्रों का दावा है कि बोर्ड द्वारा अपलोड की गई उनकी उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी उनकी लिखाई से मेल नहीं खातीं। इससे ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) सिस्टम में गड़बड़ी की आशंका पैदा हो गई है, कैबिनेट सचिवालय ने सीबीएसई द्वारा ओएसएम सिस्टम के लिए सर्विस लेने की प्रक्रिया की जांच के लिए एक सदस्य वाली कमेटी बनाने की घोषणा की है।