Delhi: दिल्ली में बढ़ते तापमान और लू के बढ़ते खतरे के बीच, दक्षिण दिल्ली जिला प्रशासन ने जनता को राहत देने के लिए एक विशेष 24×7 ‘कूलिंग जोन’ शुरू किया है। इस सुविधा का उद्घाटन बुधवार को दक्षिण दिल्ली के जिला मजिस्ट्रेट लक्ष्य सिंघल ने किया।
जिला मजिस्ट्रेट के अनुसार, ये पहल दिल्ली सरकार के निर्देशों के तहत शुरू की गई है ताकि भीषण गर्मी से प्रभावित लोगों को जरूरी सुविधाओं की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके और उन्हें गर्मी से संबंधित बीमारियों से बचाया जा सके।
कूलिंग जोन को साकेत मेट्रो स्टेशन और उससे सटे बस स्टैंड के पास स्थापित किया गया है, जिससे यात्रियों और पैदल यात्रियों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिल सके। इस केंद्र में लगभग 100 लोगों के बैठने की व्यवस्था है और ये एयर कूलर, ठंडा पीने का पानी, ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन (ORS), बैठने की व्यवस्था और प्राथमिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित है।
लक्ष्य सिंघल ने बताया कि कूलिंग जोन 24 घंटे चालू रहेगा। आगंतुकों की सहायता के लिए नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक और कर्मचारी तैनात रहेंगे। किसी भी चिकित्सा आपात स्थिति में, डीडीएमए की टीम प्रभावित व्यक्तियों को निकटतम अस्पताल या औषधालय तक पहुंचाने में मदद करेगी।