Amaal Mallik: संगीतकार अमाल मलिक ने महाराष्ट्र के चर्चित लोहागढ़ किला हत्याकांड पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि भारत में महिलाओं की सुरक्षा के लिए मजबूत कानून बनाए गए हैं, लेकिन उनका दुरुपयोग नहीं होना चाहिए।
अमाल मलिक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक लंबा पोस्ट साझा करते हुए रिश्तों, जिम्मेदारी और समाज में बढ़ती विषाक्त प्रवृत्तियों पर अपने विचार रखे। उन्होंने महिलाओं के संघर्षों और उनके अधिकारों की लड़ाई का समर्थन करते हुए कहा कि कुछ लोगों की गलतियों के लिए सभी पुरुषों को दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए।
WHY 💔 pic.twitter.com/9vM7lTC9po
— Amaal Mallik (@AmaalMallik) June 29, 2026
उन्होंने लिखा,”प्रिय महिलाओं, पीढ़ियों से आपने पुरुषों की वजह से कई तरह की परेशानियां झेली हैं और मैं उन सभी के साथ खड़ा हूं जो अन्याय और उत्पीड़न के खिलाफ लड़ रही हैं।”
अमाल ने आगे कहा कि आजकल बिना जिम्मेदारी लिए हर बात को “टॉक्सिक” करार देना एक गंभीर समस्या बन गई है, जिसके कारण लोग वास्तविक खतरों और चेतावनी संकेतों को नजरअंदाज कर देते हैं। उन्होंने लिखा,”शारीरिक हिंसा, चाहे किसी भी पक्ष से हो, टॉक्सिक है। भावनाओं की बजाय सिर्फ पैसे के पीछे भागना टॉक्सिक है। सोशल मीडिया दिखावे के लिए शादी करना टॉक्सिक है। किसी व्यक्ति को तबाह कर देना जबकि आपका उसके साथ भविष्य बनाने का कोई इरादा ही न हो, यह भी टॉक्सिक है।”
आधुनिक रिश्तों और शादियों पर सवाल उठाते हुए अमाल ने कहा कि आज कई लोग वास्तविक वैवाहिक जीवन से ज्यादा सोशल मीडिया पर दिखने वाली परफेक्ट शादी को महत्व दे रहे हैं।
उन्होंने कहा,”क्या लोग एक सच्ची शादी चाहते हैं या सिर्फ इंस्टाग्राम के लिए एक भव्य समारोह? क्या प्यार का मतलब केवल मालदीव में हनीमून मनाना है? क्या सच्चा प्रेम किसी विदेशी लोकेशन पर जाकर अलग महसूस होता है? हर कोई अच्छी जिंदगी चाहता है, लेकिन प्यार और रिश्तों की बुनियाद दिखावे पर नहीं होनी चाहिए।” केतन अग्रवाल का जिक्र करते हुए अमाल ने कहा कि वह इस तरह के अंजाम के हकदार नहीं थे। उन्होंने लिखा, “इस व्यक्ति की मुस्कान और आंखों को देखिए। वह अपनी शादी को लेकर कितना खुश नजर आ रहा था। केतन अग्रवाल बेहद सरल, सच्चे और नेक इंसान लगते थे। उन्हें यह सब नहीं झेलना चाहिए था।”
मामले की जांच तेज
पुणे ग्रामीण पुलिस की एक टीम मुख्य आरोपी सिया गोयल को लोहागढ़ किले पर लेकर गई, जहां अपराध स्थल का पुनर्निर्माण किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने एक स्कूटर भी जब्त किया है, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर सह-आरोपी चौधरी ने पुणे से करीब 100 किलोमीटर दूर किले तक पहुंचने के लिए किया था। पुलिस का मानना है कि टोल प्लाजा से बचने के लिए इस वाहन का उपयोग किया गया।
पुलिस के अनुसार, केतन अग्रवाल और सिया गोयल की सगाई 19 फरवरी को हुई थी और दोनों की शादी इसी वर्ष होने वाली थी। जांच में सामने आया है कि सिया गोयल कथित रूप से पिछले वर्ष अक्टूबर से चौधरी के साथ रिश्ते में थी और वह केतन से शादी नहीं करना चाहती थी। दोनों आरोपियों को 23 जून को गिरफ्तार किया गया था। अदालत ने उन्हें 29 जून तक सात दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है, जबकि मामले की जांच जारी है।
फास्ट-ट्रैक कोर्ट में चलेगा मामला
घटना की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने इस मामले की सुनवाई के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट गठित करने की मंजूरी दे दी है। साथ ही वरिष्ठ अधिवक्ता और राज्यसभा सांसद उज्ज्वल निकम को इस मामले में विशेष लोक अभियोजक नियुक्त किया गया है। यह फैसला तब लिया गया जब केतन अग्रवाल के पिता ने पुणे में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर मामले में शीघ्र न्याय की मांग की। मुख्यमंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और मामले की सुनवाई तेजी से पूरी कराई जाएगी।