Rain Alert: महाराष्ट्र में भारी बारिश का अलर्ट, अमित शाह ने CM फडणवीस से ली जानकारी

Rain Alert: महाराष्ट्र में भारी बारिश को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से फोन पर बात कर हालात की जानकारी ली। उन्होंने राज्य सरकार को केंद्र की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार को मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। पालघर के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश होने की भी संभावना है। इसके साथ ही कोंकण क्षेत्र में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

लगातार बारिश के कारण मुंबई और आसपास के इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। इसका असर वेस्टर्न रेलवे की लोकल ट्रेन सेवाओं पर भी पड़ा है और कई जगह आवाजाही प्रभावित हुई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, अचानक बाढ़, सड़क, रेल, हवाई और फेरी सेवाओं में बाधा, भूस्खलन और फसलों को नुकसान हो सकता है। लोगों से अपील की गई है कि वे जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें और यात्रा से पहले मौसम व ट्रैफिक की जानकारी जरूर लें।

IMD के अनुसार, 9 जुलाई के बाद बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम हो सकती है। वहीं 12 जुलाई से राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस बीच, महाराष्ट्र सरकार ने किसानों को मौसम को ध्यान में रखते हुए खेती की योजना बनाने की सलाह दी है। कृषि विभाग ने कहा है कि जिन इलाकों में अब तक पर्याप्त बारिश नहीं हुई है, वहां किसान पर्याप्त नमी बनने तक बुवाई करने में जल्दबाजी न करें। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के अनुसार, जुलाई की शुरुआत में मुंबई और पश्चिमी महाराष्ट्र में अच्छी बारिश हुई, लेकिन राज्य के कई हिस्सों में अब तक सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई है। खासकर धुले, नंदुरबार, अहिल्यानगर, सोलापुर, पश्चिमी विदर्भ और मराठवाड़ा के कुछ इलाकों में बारिश की कमी बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *