Mumbai Rain: मुंबई में चॉल गिरने से छह लोगों की मौत, सरकार का मुआवजे का एलान

Mumbai Rain:  महाराष्ट्र में लगातार भारी बारिश जारी है, इसके कारण मुंबई में दो जगह भूस्खलन हुआ, मलबे में लोग दबे हुए हैं। बचाव के लिए एनडीआरएफ रवाना हो चुकी है। मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे और पुराना हाइवे भी बंद कर दिया गया है। इतना ही नहीं, भारी बारिश देखते हुए कई ट्रेनें भी रद्द कर दी गईं।

पुणे में पाटन के एक छोटे और सुदूर गांव में भूस्खलन हुआ, जिससे एक घर मलबे में दब गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर में रहने वाला पूरा परिवार मलबे के नीचे फंसा हो सकता है।फिलहाल बचाव अभियान जारी है। जिला सूचना कार्यालय, पुणे के अनुसार, अब तक किसी भी हताहत की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है। इस घटना के मद्देनजर, पुणे स्थित राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की 5वीं बटालियन से सहायता मांगी गई। इसके अनुसार, एक 30-सदस्यीय टीम, जिसमें एक अधिकारी, दो वरिष्ठ अधिकारी और 27 जवान शामिल थे।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई के मानखुर्द इलाके में चॉल गिरने की घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले छह लोगों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। यह हादसा रविवार रात भारी बारिश के बीच मंडाला इलाके में हुआ, जब तीन मंजिला चॉल का एक हिस्सा अचानक ढह गया।

अधिकारियों के अनुसार, रात करीब 8:30 बजे भवन की दो से तीन रिहायशी इकाइयां गिर गईं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, ढही हुई इमारत पास की एक झोपड़ी पर भी जा गिरी। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है।

मुंबई और पुणे के बीच चलने वाली रेल सेवाएं सोमवार तड़के भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन के कारण बाधित हो गईं। मध्य रेलवे के अनुसार, करजत-लोनावला के बीच भोेर घाट सेक्शन में दो जगह भूस्खलन होने से रेलवे की तीनों लाइनें प्रभावित हुई हैं। इसके चलते कई ट्रेनों को रद्द, डायवर्ट, रीशेड्यूल और कुछ ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से किया गया है। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन का ताजा स्टेटस जरूर जांचने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *