Gujarat: दादी सास की हत्या की सूचना देने वाले व्यक्ति ने तीन हत्याओं का जुर्म कबूला

Gujarat:  गुजरात के सूरत जिले में अपनी पत्नी की दादी की कथित हत्या की जानकारी पुलिस को देने वाला व्यक्ति खुद ही इस हत्याकांड में शामिल पाया गया है। पुलिस ने बताया कि उसने कथित तौर पर संपत्ति हड़पने के इरादे से इस घटना को अंजाम दिया था और इसके अलावा उसने अपनी मां तथा साली की भी हत्या की थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी माधवदास साधु ने शुरू में पुलिस को बताया था कि कोसंबा निवासी उसकी पत्नी उर्मिला की दादी शांताबेन वसावा की करीब चार-पांच साल पहले उर्मिला और उसके एक रिश्तेदार अफजल ने हत्या कर दी थी तथा शव को एक मकान के अंदर कंक्रीट के नीचे दफना दिया गया था,  पुलिस की विज्ञप्ति के अनुसार इस सूचना के आधार पर अपराध शाखा के अधिकारियों ने अफजल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने शांताबेन की हत्या के बारे में कोई जानकारी होने से इनकार किया।

हालांकि, जब पुलिस ने अफजल की मौजूदगी में माधवदास से पूछताछ की तो हत्या की यह भयावह कहानी सामने आने लगी। पुलिस के अनुसार माधवदास ने कहा कि उसने अफजल के खिलाफ झूठी जानकारी इसलिए दी थी क्योंकि उसे डर था कि करीब नौ महीने पहले अपने बेटे के साथ घर छोड़कर गई उसकी पत्नी और अफजल उसे किसी मामले में फंसा सकते हैं। उसकी पत्नी कथित तौर पर घर से कीमती सामान भी ले गई थी।

विज्ञप्ति के अनुसार, इसके बाद उसने उर्मिला के साथ मिलकर अपनी दादी सास की हत्या करने की बात कबूल कर ली। विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘माधवदास ने बताया कि सात अक्टूबर 2022 की रात उसने और उर्मिला ने सोते समय तकिये से शांताबेन वसावा का दम घोंटकर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद उन्होंने शव को एक ड्रम में रखा और उसमें पानी में मिलाकर सीमेंट की तीन बोरियां डाल दीं। उन्होंने ड्रम को बंद कर घर के अंदर रख दिया।’’

इसमें कहा गया है कि करीब साढ़े तीन महीने बाद दंपति ने ड्रम को काटकर खोला और शव व सीमेंट को मकान के बरामदे में खोदे गए गड्ढे में दफना दिया। पुलिस के अनुसार, माधवदास ने रिश्तेदारों को शांताबेन की मौत के बारे में अलग-अलग बातें बताईं। उसने अपनी पत्नी के रिश्तेदारों से कहा कि शांताबेन की वल्थारा में कोविड-19 से मौत हुई थी, जबकि अपने रिश्तेदारों से कहा कि उनकी मौत कोसंबा में हुई थी।

पुलिस ने बताया कि शांताबेन की संपत्ति पर कब्जा करने के इरादे से उनकी हत्या की गई थी। माधवदास ने 2022 में उर्मिला के साथ मिलकर अपनी 65 वर्षीय मां की भी कथित तौर पर हत्या कर दी थी। विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘माधवदास साधु की मां मंजुलाबेन साधु को 2021 में लकवा मार गया था और शरीर के कुछ हिस्सों में घाव होने के कारण वह बिस्तर पर थीं। दंपति ने कथित तौर पर तकिये से उनका गला घोंट दिया और रिश्तेदारों व ग्रामीणों से कहा कि उनकी मौत लकवे के कारण हुई है। इसके बाद उनका अंतिम संस्कार ढोलका के चकली तालाब श्मशान घाट में किया गया।’’

माधवदास के अनुसार उसने अपनी पत्नी के साथ मिलकर उसकी बहन भारती उर्फ भगवती की भी कथित तौर पर हत्या कर दी थी। उसकी शादी कमलेश वसावा से हुई थी और वह कोसंबा में शांताबेन के साथ रहती थी। विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘कमलेश ने अपने पैतृक गांव में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी और भारती अपनी दादी शांताबेन के साथ रहती रही। बाद में उसे गंभीर क्षय रोग हो गया।’’

इसमें कहा गया कि 25 फरवरी 2022 की रात दंपति ने कथित तौर पर तकिये से भारती का गला घोंट दिया और बाद में रिश्तेदारों से कहा कि उसकी मौत क्षय रोग के कारण हुई है। पुलिस के अनुसार, कोसंबा में शव को दफनाकर उसका अंतिम संस्कार किया गया, यह तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका है कि उर्मिला को हिरासत में लिया गया है या नहीं, पुलिस ने बताया कि पूरे मामले में आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की जा रही है और आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *