Monsoon: इस दिन केरल में दस्तक देगा मानसून, उत्तर भारत में फिलहाल गर्मी से राहत नहीं

 Monsoon: मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के लिए हालात अनुकूल बन रहे हैं और अगले दो से तीन दिनों में इसके केरल पहुंचने के आसार हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने तमिलनाडु के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों के 15 से अधिक जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं उत्तर भारत में बारिश से मिली राहत अब खत्म होने वाली है और अगला हफ्ता भीषण गर्मी सताएगी। हालांकि कुछ जगहों पर हल्की बारिश के भी आसार हैं, लेकिन तापमान में 3-4 डिग्री की बढ़ोतरी देखी जाएगी।

क्षेत्रीय मौसम केंद्र की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है, जिनमें राजधानी चेन्नई भी शामिल है। उत्तर तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और वृद्धि की संभावना जताई गई है।

उत्तर प्रदेश में सोमवार को मौसम का मिजाज बदला रहा, कई जिलों में आंधी और बारिश का सिलसिला चला। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। राजधानी लखनऊ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में दिन भर बादलों की आवाजाही बनी रही, जबकि बुंदेलखंड के झांसी, ललितपुर और आसपास के जिलों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश दर्ज की गई।

सोमवार को सुल्तानपुर में 14.8 मिमी, फतेहपुर में 7.3 मिमी, अमेठी में 6.6 मिमी, आजमगढ़ में 3.8 मिमी, हरदोई में 1.6 मिमी और झांसी में 1.2 मिमी बारिश हुई। 42 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ फर्रुखाबाद प्रदेश में सर्वाधिक गर्म रहा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *