Jharkhand: झारखंड सरकार ने भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों को सोमवार को फिर से बातचीत के लिए आमंत्रित किया है। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी कि यह फैसला यहां प्रदर्शन स्थल जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) और अपर जिला मजिस्ट्रेट (कानून-व्यवस्था) की छात्रों के साथ बैठक के बाद लिया गया।
अधिकारी ने कहा, “प्रदर्शनकारियों को 17 अगस्त को दोपहर दो बजे बातचीत के लिए आमंत्रित किया गया है। छात्रों को उनके कानूनी सलाहकार के साथ वार्ता में शामिल होने का प्रस्ताव दिया गया है।” इससे पहले झारखंड सरकार और आंदोलनकारी छात्रों के बीच छह दौर की बातचीत हो चुकी है।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे छात्र संगठन ‘जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच’ ने कहा कि आंदोलनकारी छात्रों ने राज्य अतिथि गृह में सरकार के साथ फिर से बातचीत के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है, लेकिन वे अपनी मांगों से पीछे नहीं हटेंगे।। ‘जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच’ के नेता रवींद्र पासवान ने मीडियाकर्मियों से कहा कि वार्ता उनके कानूनी सलाहकार की मौजूदगी में होगी।
पासवान ने कहा, ‘‘हम निश्चित रूप से वार्ता के लिए जाएंगे क्योंकि हम इस मुद्दे का समाधान बातचीत के जरिए चाहते हैं। लेकिन हम दो मांगों पर अडिग हैं-भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं की सीबीआई जांच और जेएसएससी-सीजीएल (झारखंड कर्मचारी चयन आयोग-संयुक्त स्नातक स्तरीय) परीक्षा रद्द करना।’’
उन्होंने कहा कि सरकार के प्रतिनिधिमंडल के साथ वार्ता करने वाले छात्र प्रतिनिधिमंडल में कितने छात्र होंगे, इसकी घोषणा की जाएगी, नौ अगस्त को हुई पिछली दौर की वार्ता में कोई समाधान नहीं निकल सका था। सोमवार को प्रदर्शन 24वें दिन में प्रवेश कर गया।