Srinagar: श्रीनगर हवाई अड्डे पर 1,677 करोड़ रुपये के सिविल एन्क्लेव के विकास को मंजूरी

Srinagar: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने श्रीनगर हवाई अड्डे पर 1,677 करोड़ रुपये की लागत से ‘सिविल एन्क्लेव’ बनाने को मंजूरी दे दी है। एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि सिविल एन्क्लेव का विस्तार कश्मीर घाटी में विमानन बुनियादी ढांचे और संपर्क को मजबूत करने में महत्वपूर्ण साबित होगा।

‘सिविल एन्क्लेव’ भारतीय वायुसेना और सशस्त्र बलों के लिए हवाई अड्डे के अंदर मौजूद वो विशेष क्षेत्र है, जिसे नागरिक उड़ानों के इस्तेमाल के लिए आवंटित किया जाता है।

बयान के मुताबिक, परियोजना में सुरक्षा कर्मियों के लिए बैरक का निर्माण भी शामिल है। बयान के अनुसार, “ये हवाई अड्डा भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा भारतीय वायुसेना के बडगाम एयरबेस में संचालित किया जाता है। इसे 2005 में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा घोषित किया गया और ये श्रीनगर शहर से लगभग 12 किलोमीटर दूर स्थित है।”

ये फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) की बैठक में लिया गया। बयान के अनुसार, सिविल एन्क्लेव परियोजना 73.18 एकड़ में फैली होगी और नया टर्मिनल भवन 71,500 वर्ग मीटर में बनेगा। इस परियोजना की अनुमानित लागत 1,677 करोड़ रुपये है।

नई टर्मिनल इमारत को इस तरह डिजाइन किया जाएगा कि ये व्यस्त समय में 2,900 यात्रियों को संभाल सके और इसकी सालाना क्षमता एक करोड़ यात्रियों की होगी। बयान में कहा गया कि विस्तारित विमान पार्किंग क्षेत्र में 15 हवाई जहाज खड़े किए जा सकेंगे। इसमें नौ मौजूदा और छह नए पार्किंग स्थान होंगे। 3,658 मीटर लंबे और 45 मीटर चौड़े रनवे को भारतीय वायुसेना द्वारा संचालित किया जाएगा।

बयान के अनुसार, ये परियोजना पर्यटन और आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा देने में मदद करेगी। ‘‘नए टर्मिनल भवन की वास्तुकला आधुनिक डिजाइन और कश्मीर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का मिश्रण होगी। इसमें पारंपरिक चीजें मसलन लकड़ी का काम और स्थानीय कारीगरी शामिल होगी।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *