Jaipur: जयपुर में एक मस्जिद की बालकनी की दीवार गिरी, करीब 20 लोग घायल

Jaipur: जयपुर में एक मस्जिद की बालकनी की दीवार गिरने से करीब 20 लोग घायल हो गए, पुलिस ने बताया कि घायलों में से कई को प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि छह लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस उपायुक्त (उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि यह घटना जयपुर के भट्टा बस्ती इलाके में स्थित फिरदौस मस्जिद में शुक्रवार की नमाज के तुरंत बाद हुई। नमाज के बाद जब लोग मस्जिद से बाहर निकलने वाले थे, तभी दीवार गिर गई।

उन्होंने बताया, “इमारत की पहली मंजिल पर स्थित गैलरी की चार से पांच फीट ऊंची दीवार गिर गई और नमाज के बाद बाहर निकल रहे लोगों पर ईंटें गिर पड़ीं। उन्हें बचाकर पास के कनवाटिया अस्पताल ले जाया गया। उनमें से कुछ को एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया।”

उन्होंने बताया कि करीब 20 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से अधिकांश को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि छह लोगों का इलाज चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *