Weather:देशभर में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय है और कई राज्यों में हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। पहाड़ों से लेकर मैदानों तक बारिश आफत बनकर बरस रही है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में भूस्खलन लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे सड़क संपर्क बाधित हुआ है और यातायात प्रभावित हो रहा है। वहीं महाराष्ट्र और गुजरात में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
राजधानी दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में भी बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया है, जिससे वाहनों की रफ्तार थम गई है और जगह-जगह लंबा जाम देखने को मिल रहा है। ऑफिस जाने वाले लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग IMD ने मौसम के बिगड़ते मिजाज को देखते हुए दिल्ली, हरियाणा, महाराष्ट्र और गुजरात समेत कई राज्यों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों के दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कई क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली-NCR में जलभराव, लोगों की बढ़ी परेशानी
दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही बारिश के कारण कई प्रमुख सड़कों और कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति बन गई है। दिल्ली के कई इलाकों में सड़कों पर पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ है। नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़ और गुरुग्राम में भी सुबह से बारिश जारी है, जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रेटर नोएडा में जलभराव से बढ़ी मुश्किलें
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित अरिहंत आर्डन सोसाइटी के सामने की सड़क पर लगातार बारिश के कारण भारी जलभराव हो गया है। सड़क पर पानी भरने से स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। कई स्थानों पर यातायात धीमा पड़ गया है और लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है। ग्रेटर नोएडा में हो रही भारी बारिश की वजह से शहर जलमग्न हुआ।
पश्चिमी और उत्तरी भारत में मॉनसून का कहर
महाराष्ट्र और गुजरात में लगातार बारिश के कारण नदियां और बरसाती नाले उफान पर हैं। कई निचले इलाकों में पानी भर गया है, जबकि कुछ क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। उधर, उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और सड़क बंद होने की घटनाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।