Uttarkashi: आगामी चारधाम यात्रा को सुचारु, सुरक्षित व व्यवस्थित रूप से कराए जाने के उद्देश्य से उत्तरकाशी जिलाधिकारी प्रशांत आर्य द्वारा यमुनोत्री धाम चारधाम यात्रा से संबंधित प्रमुख मार्गों, पड़ावों एवं व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने यात्रा मार्गों की स्थिति, पैदल मार्ग, सड़क सुरक्षा, यात्री सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन, पार्किंग स्थलों, आवासीय व्यवस्थाओं एवं आपदा प्रबंधन से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कर ली जाएं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एनएच, लोनिवि, जल संस्थान और विद्युत विभाग के अधिकारियों को यात्रा रूट पर निर्बाध सेवाओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने पैदल मार्ग पर संवेदनशील स्थानों का चिन्हीकरण कर वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने तथा घोड़े-खच्चरों के लिए गर्म पानी व पड़ावों पर स्वच्छता की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सुरक्षात्मक कार्यों में गुणवत्ता की किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग को यात्रा मार्गों एवं प्रमुख पड़ावों पर मेडिकल राहत पोस्ट, एंबुलेंस, आवश्यक दवाइयों एवं चिकित्सकीय स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।