Uttarakhand: हल्द्वानी पहुंचे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, कहा- धाकड़ ही नहीं धुरंधर धामी

Uttarakhand:  हल्द्वानी में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल के चार वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। राजनाथ सिंह ने सीएम धामी की सराहना करते हुए उन्हें ‘धाकड़’ के साथ-साथ ‘धुरंधर’ मुख्यमंत्री बताया। उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने विकास के मोर्चे पर ‘चौका’ मारा है।

रक्षा मंत्री ने शहीद परिवारों की अनुग्रह राशि 50 लाख से बढ़ाकर 1.5 करोड़ करने और भ्रष्टाचार के विरुद्ध 200 से अधिक लोगों को जेल भेजने जैसे कड़े फैसलों की तारीफ की। उन्होंने उत्तराखंड को देवभूमि के साथ-साथ सशक्त ‘वीर भूमि’ और ‘नारी शक्ति’ का केंद्र बताया।

राजनाथ सिंह ने कहा कि पुष्कर सिंह धामी के उत्तराखंड की कमान संभालने के बाद ही विकास की बयार तेज हुई है। हल्द्वानी को कुमाऊं का प्रवेश द्वार बताते हुए उन्होंने कहा कि जबसे धामी ने प्रदेश का नेतृत्व संभाला है राज्य के बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास हुआ, पर्यटन के क्षेत्र में प्रदेश को नई पहचान मिली और राज्य में स्वरोजगार के अवसर बढ़ें।

उन्होंने उत्तराखंड के विकास को अन्य राज्यों के लिए प्रेरणादायी बताया। पुरानी कहावत का जिक्र करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि ‘पहाड़ की जवानी और पहाड़ के पानी ,पहाड़ और देश—दोनों के काम आना चाहिए’। उपलब्धियों का जिक्र करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य ने अन्य राज्यों के सामने एक आदर्श राज्य के रूप में खुद को प्रस्तुत किया है। राज्य में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं।

चुनावी साल के करीब होने का मौका भी राजनाथ सिंह नहीं चूकना चाहते थे। लगे हाथ उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को कोई भी ताकत सत्ता में आने से नहीं रोक सकती। इतना ही नहीं जाते-जाते विरोधी पार्टियों की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए। कांग्रेस की कार्यशैली को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में जनता को निराशा ही मिली।

इसी का नतीजा रहा कि जनता ने उन्हें सत्ता से ही नकार दिया। अब जब कांग्रेस चुनाव नहीं जीत पाती है तो चुनाव आयोग और ईवीएम का बहाना लगाने लगती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि अगले विधानसभा चुनाव में भी प्रदेश में बीजेपी ही सरकार बनाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *