Masoom Sharma: हरियाणवी गायक मासूम शर्मा को नोटिस, कॉलेज कार्यक्रम में अश्लील टिप्पणी करने का आरोप

Masoom Sharma: हरियाणवी लोक गायक मासूम शर्मा के खिलाफ डालनवाला पुलिस स्टेशन में एक मामला दर्ज किया गया है, उन पर आरोप है कि उन्होंने एक सार्वजनिक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। यह कार्यक्रम 10 अप्रैल को देहरादून के डीएवी (पीजी) कॉलेज में आयोजित हुआ था।

शिकायतकर्ता का कहा कि मंच से शर्मा की टिप्पणियों ने कार्यक्रम में उपस्थित छात्रों और आम लोगों की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाई है। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। इनमें अश्लील गाने, शांति भंग करने के इरादे से अपमान करना, किसी महिला की लज्जा भंग करने के इरादे से शब्द और आपराधिक धमकी देना शामिल हैं। देहरादून पुलिस ने एफआईआर की पुष्टि की और कहा कि कानून के अनुसार जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मासूम शर्मा के खिलाफ इस घटना को लेकर कई शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इन शिकायतों में कार्यक्रम के दौरान अनुशासनहीनता और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने सभी शिकायतों की जांच शुरू कर दी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि डीएवी पीजी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में गायक मासूम शर्मा के गाली देते हुए वीडियो वायरल होने का मामला संज्ञान में आया है। इस मामले में डालनवाला थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सभी तथ्यों का बारीकी से अवलोकन किया जा रहा है। जांच में जो भी निष्कर्ष निकलेगा उसी आधार पर आगे कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

बता दें कि कॉलेज में प्रस्तुति के दौरान हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के गाली देने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, वीडियो सामने आने के बाद प्रदेशभर में लोगों के बीच आक्रोश देखने को मिल रहा है। देवभूमि की सांस्कृतिक गरिमा को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाते हुए लोगों ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

विवाद बढ़ने के बाद गायक मासूम शर्मा ने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांग ली है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि उनका किसी की भावनाओं को आहत करने का कोई इरादा नहीं था और यदि किसी को ठेस पहुंची है तो वे उसके लिए खेद व्यक्त करते हैं।

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *